रुद्रपुर के स्पा सेंटरों में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पकड़ी गई मुख्य संचालिका लालनुनसियामी उर्फ किकी खुद मिजोरम की रहने वाली है और कुछ साल पहले तक वह रुद्रपुर के नामी होटलों और मेट्रोपोलिस मॉल स्थित स्पा सेंटरों में बतौर कर्मचारी काम करती थी। इस धंधे में होने वाली मोटी कमाई को देखते हुए उसने स्थानीय संपर्कों (लोकल कनेक्शन) की मदद से ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ नाम से अपना सेंटर खोल लिया। वह मिजोरम की गरीब युवतियों को शहर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर यहां लाती थी और फिर उन्हें देह व्यापार के दलदल में धकेल देती थी।
मिजोरम पुलिस की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ तब हुआ जब मिजोरम के आइजोल स्थित ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में दो युवतियों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही मिजोरम पुलिस रुद्रपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान दो नाबालिगों सहित पांच युवतियों को रेस्क्यू किया गया और संचालिका किकी, उसके पति शेहरियार व अन्य सहयोगियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उन स्थानीय लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने किकी को स्पा सेंटर खोलने और इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने में मदद की थी।
एसएसपी की चेतावनी: पूरे जिले में होगी स्पा सेंटरों की जांच
एसएसपी अजय गणपति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब खटीमा, सितारगंज और काशीपुर जैसे क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों की भी गहनता से जांच की जाएगी। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को सक्रिय कर दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्पा सेंटर में देह व्यापार या किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पाई जाती है, तो संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

