किच्छा में रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी; देर रात ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से मौत की आशंका

खबर शेयर करें -

किच्छा: उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा में देर रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी (वार्ड नंबर 13) निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात ट्रैक से गुजर रहे एक ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

इंजन की टक्कर से हाथ कटा, सिर पर आए गहरे जख्म

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा में अतिक्रमण व बिजली मीटर विवाद में घायल युवक की मौत; परिजनों का कोतवाली में जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक राजकुमार (पुत्र स्वर्गीय सुखपाल सिंह) तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और वर्तमान में बेरोजगार था। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे बरेली की ओर से एक ट्रेन का इंजन वापस किच्छा रेलवे स्टेशन की तरफ आ रहा था। आशंका है कि इसी दौरान राजकुमार उस इंजन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि राजकुमार का एक हाथ पूरी तरह कट गया, दूसरे हाथ की उंगलियां क्षतिग्रस्त हो गईं और सिर पर भी गहरे व जानलेवा जख्म मिले।

यह भी पढ़ें 👉  भवाली में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी महिंद्रा कार; बच्चे समेत 5 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही किच्छा कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने क्षत-विक्षत हालत में पड़े युवक को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किच्छा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि शुरुआती तौर पर मामला ट्रेन के इंजन से टकराने का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौत की सही वजहों का आधिकारिक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में स्कूलों का समय बदला; हीट वेव के चलते सुबह 7 से 11:30 बजे तक लगेंगे स्कूल