
राजू अनेजा,खटीमा। नगर के जाने-माने प्रॉपर्टी डीलर जशोधर भट्ट (60) ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। वारदात से पूरे नगर व आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बैरिकेटिंग कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
कंजाबाग रोड निवासी जशोधर भट्ट पुत्र प्रेम बल्लभ भट्ट प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। इसके साथ ही उनका कंजाबाग में “प्रेमजी” नाम से एक अस्पताल भी है। मंगलवार सुबह वह घर से बाइक पर सवार होकर अपने कार्यालय जाने की बात कहकर निकले थे। कुछ समय बाद सुजिया गांव में नहर की पटरी से लगे नाले के किनारे झाड़ियों में उनका खून से लथपथ शव मिला। शव के पास उनकी बाइक खड़ी थी और लाइसेंसी रिवॉल्वर भी वहीं पड़ी हुई थी।
घटना की जानकारी सबसे पहले बकरी चरा रहे एक व्यक्ति को मिली, जिसने इसकी सूचना ग्राम प्रधान मंजू राना को दी। प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना पर एसआई किशोर पंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि शव खून से सना पड़ा है। मृतक की जेब में रखा मोबाइल लगातार बज रहा था। कॉल रिसीव करने पर फोन उनके बेटे गौरव भट्ट का निकला। इसके बाद शव की शिनाख्त जशोधर भट्ट के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई पंत ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह और एसएसआई ललित मोहन रावल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके को सील कर दिया।
सीओ विमल रावत ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए रुद्रपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इधर, जशोधर भट्ट के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, बेटे गौरव भट्ट और पुत्री बबीता भट्ट को छोड़ गए हैं। बेटा पेशे से दंत चिकित्सक है, जबकि बेटी दिल्ली में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है। घटना की खबर मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर पहुंच गए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
ताजा खबर
- लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिला युवक: जहर खुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
- उत्तराखंड में मानसून पर ब्रेक: चटख धूप से मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी का सितम, दून में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा
- हल्दूचौड़ में 11 अक्टूबर से शुरू होगी रामलीला: श्री रामलीला कमेटी की बैठक में आय का हुआ अनुमोदन, जल्द होगा टिन शेड का शिलान्यास
- गोलू देवता के दरबार में उक्रांद की न्याय की पुकार: बढ़ते भ्रष्टाचार और पहाड़ के शोषण के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल ने लिया संघर्ष का संकल्प
- अधिवक्ता संजीव कुमार आकाश की दमदार पैरवी, 23.50 लाख की मकान धोखाधड़ी में कोर्ट ने एफआईआर के दिए आदेश
- लालकुआं में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत: गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने मारी टक्कर, सहारनपुर के चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
- फर्जी शस्त्र लाइसेंस का बड़ा खुलासा: 94 लाइसेंस जब्त, 119 हथियार थानों में जमा; अब सात राज्यों में होगी जांच
- बहस की चुनौती देकर गायब हुए BKTC अध्यक्ष: प्रेस क्लब पहुंचे गणेश गोदियाल ने साधा निशाना, कहा— सवालों से भाग रही भाजपा सरकार
- बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तेज: वनाधिकार समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, अधिसूचना जल्द जारी करने की अपील
- काशीपुर-रामनगर वालों हो जाओ तैयार! 18 जुलाई से पटरी पर दौड़ेगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस

