सड़कों पर मौत का सिलसिला! यशपाल के रौद्र तेवरों के बाद अब एसएसपी मणिकांत ने संभाला मोर्चा

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर।काशीपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और एक हफ्ते में पांच जिंदगियों के खत्म हो जाने से हालात विस्फोटक हो गए हैं। सड़कों पर हो रही मौतों को लेकर पहले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का रौद्र रूप देखने को मिला, तो अब पुलिस प्रशासन भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर आया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने खुद मोर्चा संभालते हुए दुर्घटनाओं पर लगाम कसने का जिम्मा अपने हाथों में ले लिया है।
बढ़ती दुर्घटनाओं के विरोध में यशपाल आर्य के धरने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया। इसी क्रम में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के तुरंत बाद एसएसपी खुद सड़कों पर उतरे और ब्रह्मनगर लिंक रोड/ढकिया रोड स्थित उस दुर्घटनास्थल का मौका-मुआयना किया, जहां तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर अनिल कुमार की मौत हो गई थी।
मंगलवार को एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी, कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी चंदन सिंह बिष्ट के साथ पुलिस टीम और ग्रामीणों की मौजूदगी में कुंडेश्वरी क्षेत्र में खनन वाहनों के चलने वाले मार्गों का गहन निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि उनके गांवों की सड़कें महज 12 फीट चौड़ी हैं, लेकिन इन्हीं संकरे रास्तों से भारी खनन डंपर दौड़ रहे हैं, जो आए दिन हादसों की वजह बन रहे हैं।
बीते रविवार रात ग्राम ब्रह्मनगर निवासी अनिल कुमार और सोमवार सुबह शिवनगर निवासी जयपाल सिंह की तेज रफ्तार डंपरों की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मौके पर ही सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि—
➡️ सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा
➡️ छोटी, संकरी और घनी आबादी वाली सड़कों पर डंपरों की एंट्री पूरी तरह बंद की जाएगी
➡️ ओवरलोड और नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी
एसएसपी ने ढकिया, गुलजारपुर, ब्रह्मनगर समेत आधा दर्जन गांवों की छोटी-बड़ी सभी सड़कों का निरीक्षण किया और स्कूलों व घनी आबादी वाले इलाकों को संवेदनशील जोन घोषित किया। उन्होंने यह भी बताया कि महादेव नगर तिराहा और गुरुनानक सेमलपुरी मोड़ पर बैरियर लगा दिए गए हैं, जबकि आबादी के पास हाइट और साइड बैरियर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कड़क लहजे में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा—
“दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहन हैं। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अब सीधी और सख्त कार्रवाई होगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
एक ओर जहां यशपाल आर्य के तेवरों ने सियासी दबाव बढ़ाया, वहीं अब खाकी के सख्त रुख से लोगों को उम्मीद है कि सड़कों पर मौत की रफ्तार पर ब्रेक लगेगा।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  ठाकुर हूं, मुझसे उलझना मत’—बैंक में हंगामे का वीडियो वायरल होने के बाद अब बैंक कर्मी ने अपनी सफाई में कहा- उन्हें अपनी जाति पर गर्व है

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें