हल्द्वानी की युवती की दिल्ली में संदिग्ध हत्या: शादी के 6 दिन बाद पति ने गला घोंटकर बेड में छिपाया शव
नई दिल्ली/हल्द्वानी: हल्द्वानी की एक युवती के साथ निकाह कर उसे सुनहरे भविष्य के सपने दिखाकर दिल्ली ले जाने वाले युवक ने शादी के महज छह दिन बाद ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। दिल्ली के नबी करीम इलाके में अंजाम दी गई इस वारदात ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी पति मोहम्मद एजाज को बाहरी दिल्ली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है, जो मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का निवासी है।
शादी के कुछ दिन बाद ही शुरू हुआ विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी एजाज ने बीते 26 अप्रैल को हल्द्वानी निवासी 24 वर्षीय निशा परवीन से विवाह किया था। निकाह के बाद दोनों दिल्ली के लक्ष्मणपुरी इलाके में एक किराये के मकान में रह रहे थे और पास ही की एक बैग फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही दिनों के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन शुरू हो गई। आरोप है कि 2 मई को विवाद इतना बढ़ा कि एजाज ने निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बेड के अंदर बंद कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
बदबू आने पर हुआ घटना का खुलासा
हत्या का खुलासा तब हुआ जब बंद कमरे से असहनीय दुर्गंध आने लगी। शुरुआत में पड़ोसियों ने इसे किसी मृत जानवर की गंध समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन शनिवार तक बदबू बढ़ने और एजाज के कई दिनों तक दिखाई न देने पर लोगों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का ताला तोड़ा, तो बेड के अंदर से निशा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को दबोच लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

