हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार; शराब के नशे में पुलिस को दी थी चुनौती
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दबोच लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर पूरे शहर को दहलाने की धमकी देने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने वाले इस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विभाग ने राहत की सांस ली है। पकड़े जाने के बाद आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया।
कंट्रोल रूम पर दे रहा था गालियां और धमकी
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस कंट्रोल नंबर (डायल-112) पर एक व्यक्ति लगातार कॉल कर रहा था। वह न केवल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भद्दी गालियां दे रहा था, बल्कि पूरे हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी भी दे रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।
पौड़ी गढ़वाल का निवासी निकला आरोपी
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा और एसओजी प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस की मदद से मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। रविवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सोहन सिंह रावत (30), निवासी ग्राम पाटा, यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) के रूप में हुई। आरोपी हरिद्वार के ही एक होटल में कर्मचारी के रूप में काम करता है।
नशे की हालत में किया ‘कारनामा’
पूछताछ के दौरान सोहन सिंह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह शराब पीने का आदी है। उसने अत्यधिक नशे की हालत में डायल-112 पर फोन कर धमकी दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है जिससे कॉल की गई थी।
शहर कोतवाल ने बताया कि आरोपी का कोई पिछला आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली में बाधा डालने और दहशत फैलाने के आरोप में उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल रेस्क्यू और गिरफ्तारी ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी विराम लगा दिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

