
राजू अनेजा, रुद्रपुर । जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं इस कदर बीमार हो चुकी हैं कि अब स्वस्थ लोग भी कागजों में गंभीर बीमारी के मरीज बना दिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही का ताजा मामला तब सामने आया, जब 200 पूरी तरह सामान्य मरीजों को सरकारी पोर्टल पर टीबी संक्रमित दर्ज कर दिया गया। जिन लोगों ने कभी खांसी तक की शिकायत नहीं की, वे एक झटके में संक्रामक रोगी घोषित हो गए।
यह चौंकाने वाली चूक सीएमओ कार्यालय में तैनात एक क्लर्क की लापरवाही से सामने आई, जिसने टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डाटा फीडिंग के दौरान भारी गलती कर दी। जैसे ही यह जानकारी मरीजों तक पहुंची, वे स्तब्ध रह गए और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
वीसी में खुली पोल, आंकड़े बढ़ते ही मचा हड़कंप
मामला उस वक्त उजागर हुआ जब शासन स्तर पर चल रही वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिले के टीबी मरीजों का आंकड़ा अचानक बढ़ा हुआ दिखा। शक होने पर रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि टीबी पोर्टल पर करीब साढ़े चार लाख मरीजों की डिटेल अपलोड की गई थी। इसी दौरान डाटा एंट्री में गंभीर चूक हो गई और 200 सामान्य मरीज टीबी पॉजिटिव दर्शा दिए गए।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में गलत एंट्री होने के बावजूद किसी भी स्तर पर सत्यापन नहीं किया गया, जिससे विभागीय लापरवाही पूरी तरह उजागर हो गई।
टीबी का ठप्पा लगते ही मरीजों में दहशत
टीबी जैसी बीमारी का नाम जुड़ते ही मरीजों और उनके परिजनों में डर और भ्रम की स्थिति बन गई। कई लोग सामाजिक संकोच के चलते घर से निकलना छोड़ बैठे। कुछ ने कामकाज बंद कर दिया, तो कई परिवार मानसिक तनाव में आ गए। यह मामला केवल तकनीकी गलती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों की सामाजिक और मानसिक जिंदगी पर सीधा प्रहार बन गया।
अब जांच के आदेश, लेकिन भरोसा कौन दिलाए?
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि संबंधित मरीजों की ट्रूनेट जांच कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि सवाल यह है कि जिस विभाग की एक क्लिक की गलती से 200 लोग बीमार घोषित हो जाएं, उस पर आम जनता भरोसा कैसे करे?
यह घटना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली, मॉनिटरिंग सिस्टम और जवाबदेही पर बड़ा सवालिया निशान है। अगर समय रहते गलती सामने न आती, तो न जाने कितने और निर्दोष लोग सरकारी रिकॉर्ड में गंभीर बीमारी के मरीज बना दिए जाते।
ताजा खबर
- पिथौरागढ़ में दिल दहलाने वाली घटना: दौड़ते समय बेहोश होकर गिरे 14 वर्षीय छात्र की मौत, सदमे में मां ने सरयू नदी में कूदकर दी जान
- मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में बोले सीएम धामी: 10वीं व 12वीं के छात्रों को टैब के लिए DBT से मिलेगी राशि, 140 मेधावियों से किया सीधा संवाद
- हल्द्वानी-कालाढूंगी सड़क होगी फोरलेन, पर्यटकों को कॉर्बेट पहुंचना होगा आसान और जाम से मिलेगी निजात
- पूर्व सीएम हरीश रावत का फिर सोशल मीडिया पोस्ट, बोले— “मां की सौगंध, नौकरी या राजनीतिक पद के बदले कभी पैसा नहीं लिया”
- फांसी की सजा से बाल-बाल बचे सुरेंद्र कोली का फांसी के फंदे से ही हुआ अंत, दुकान में लटकता मिला शव
- पशु आहार के बढ़े दामों पर लगी रोक, अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दिए निर्देश; 55 हजार पशुपालकों को मिली बड़ी राहत
- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में ‘स्टार्टअप शोडाउन’ का आयोजन, ‘डेस्टिनिक्स’ के शोभित सिंह बने विजेता
- हल्द्वानी के टांडा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, रुद्रपुर के दो युवकों की मौत
- धार्मिक भावनाएं भड़काने और हाईवे जाम के 14 साल पुराने मामले में कड़ा रुख, दो विधायकों समेत 24 भाजपाइयों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
- खेल महाकुंभ में चमकीं नानकमत्ता की लक्षिता जोशी, राज्य स्तरीय जूडो में जीता कांस्य पदक

