रात को लापता हुआ था युवक, सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला शव
बिहार के बेगूसराय में रात लापता हुए युवक का शव सड़क किनारे से पुलिस ने बरामद किया है. बताया जाता है कि तेघरा थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव निवासी नीतीश कुमार रात 9 बजे अपनी बाइक से घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं आया. परिजन रातभर खोजबीन करते रहे और आज सुबह पुलिस को सूचना देने वाले थे, तभी उन्हें नवादा गांव में शव होने की सूचना मिली. जब परिजन वहां पहुंचे तो शव की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई.

नीतीश कुमार की बाइक और दो मोबाइल गायब हैं. आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से नीतीश की हत्या की गई है. बदमाशों ने नीतीश के हाथ पीछे बांधकर और पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है. नीतीश की हत्या किसने और क्यों की है, इसका खुलासा नहीं हुआ है. फिलहाल परिजन भी घटना के संबंध में कुछ खुलकर बोलने से परहेज कर रहे हैं. इस मामले में डीएसपी ने कहा कि हत्या की जांच की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

