हल्द्वानी: भाजपा नेता को धार्मिक धमकी देने वाला महाराष्ट्र का ट्रक चालक पंतनगर से गिरफ्तार; एसएसपी बोले— शांति भंग करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

हल्द्वानी। वरिष्ठ भाजपा नेता कमल जोशी को फोन पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई, हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने थाना हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत के आधार पर थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच करते हुए आरोपी का सुराग महाराष्ट्र तक पहुंचाया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ट्रक चालक है। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 196, 299 एवं 302 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 23 जून 2026 को आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष) निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम (महाराष्ट्र) को पंतनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार (चौकी प्रभारी मंडी) एवं कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे।
इस मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि धर्म के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

