रामनगर: होटल के कमरे में स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं, पुलिस ने होटल किया सील
रामनगर (19 अप्रैल 2026): नैनीताल जिले के रामनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के कानियां (हिम्मतपुर डोटियाल) क्षेत्र स्थित एक होटल में दो नाबालिग छात्राएं स्कूल ड्रेस में पाई गई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ मामले का भंडाफोड़
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी को काफी समय से इस होटल में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचनाएं मिल रही थीं। शनिवार को उन्हें जानकारी मिली कि शहर के एक इंटर कॉलेज की दो छात्राओं को स्कूल ड्रेस में होटल के अंदर ले जाया गया है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और होटल के कमरे की तलाशी ली, जहाँ दोनों नाबालिग छात्राएं मौजूद थीं। पुलिस ने छात्राओं के साथ होटल में मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया है।
होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने होटल संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संचालक ने नियमों को ताक पर रखकर छात्राओं को कमरा दिया। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि आखिर बिना आईडी और बिना किसी जांच के, स्कूल ड्रेस में होने के बावजूद नाबालिग बच्चियों को कमरा कैसे दे दिया गया?
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने होटल को अग्रिम आदेशों तक सील कर दिया है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) को अपने कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे का बयान:
“मामला नाबालिग छात्राओं से जुड़ा है, इसलिए इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

