अपराधों से कराह उठा उत्तराखंड! पांच महीने में 2362 अपराध, हत्या से दुष्कर्म तक बढ़ा ग्राफ; 1840 आरोपितों की गिरफ्तारी अब भी बाकी!

खबर शेयर करें -

कुमाऊं मंडल के अपराध के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता, लूट, डकैती, हत्या और महिला अपराधों में दर्ज हुई बढ़ोतरी; पुलिस के सामने अपराधियों पर शिकंजा कसने की बड़ी चुनौती

राजू अनेजा, काशीपुर।देवभूमि उत्तराखंड की शांत वादियों में अपराध का बढ़ता ग्राफ अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म और अपहरण जैसी संगीन वारदातों के आंकड़े कानून-व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। कुमाऊं मंडल में महज पांच महीने के भीतर दर्ज 2362 आपराधिक मामलों ने साफ कर दिया है कि अपराध नियंत्रण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन मामलों में 1840 आरोपितों की गिरफ्तारी अब भी शेष बताई गई है।

पांच महीने में 2362 अपराध, पिछले साल से भी अधिक मामले

सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट की ओर से पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र से मांगी गई सूचना में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी से 31 मई 2025 तक कुमाऊं मंडल में कुल 2362 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। जबकि वर्ष 2024 की इसी अवधि में यह संख्या 2176 थी। यानी एक साल के मुकाबले 186 अधिक आपराधिक मामले सामने आए।

यह भी पढ़ें 👉  सियासत का दिलचस्प संयोग! कभी बाली ने मांगा था हिसाब, आज उदित ने उसी निगम से पूछे सवाल! छह साल पुरानी यादें फिर हुईं ताजा

ये आंकड़े बताते हैं कि अपराध का दायरा केवल सामान्य घटनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि गंभीर अपराधों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हत्या से दुष्कर्म तक बढ़े मामले, महिला सुरक्षा पर भी सवाल

अपराध के आंकड़ों में सबसे ज्यादा चिंता हत्या और महिला अपराधों को लेकर सामने आई है। वर्ष 2024 के शुरुआती पांच महीनों में हत्या के 23 मामले दर्ज हुए थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 27 हो गए।

इसी तरह दुष्कर्म के मामले 142 से बढ़कर 170 तक पहुंच गए। महिला अपहरण की घटनाएं भी 34 से बढ़कर 53 दर्ज की गईं। लूट के मामले 10 से बढ़कर 19 और डकैती के मामले तीन से बढ़कर पांच हो गए। स्नेचिंग की घटनाएं भी दो से बढ़कर सात तक पहुंच गईं।

यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार के आदेशों की काशीपुर में उड़ाई जा रही खुलेआम धज्जियां! उत्तराखंड में प्रतिबंध के बावजूद शहर में रोजाना कई कुंतल मिलावटी खोये और सिंथेटिक पनीर की आवक पर उठे सवाल

बलवे के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई। वर्ष 2024 में जहां 103 मामले सामने आए थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 135 हो गया।

1840 आरोपितों की गिरफ्तारी बाकी, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

अपराध दर्ज होने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी और मामलों के खुलासे की स्थिति भी ध्यान खींचती है। उपलब्ध सूचना के अनुसार, कुल 3997 आरोपितों में से 924 को गिरफ्तार किया गया, जबकि 1049 आरोपितों को धारा 41ए के तहत नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद 1840 आरोपितों की गिरफ्तारी शेष बताई गई है।

वहीं, कुल मामलों में से 1876 का अनावरण होने की जानकारी दी गई। 573 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए गए, जबकि 187 मामलों में अंतिम रिपोर्ट लगाई गई। इसके अलावा 1569 मामलों में विवेचना जारी बताई गई।

आंकड़े बढ़ा रहे चिंता, आखिर कब लगेगी अपराध पर लगाम?

कानून-व्यवस्था का असली पैमाना केवल अपराध दर्ज करने और अभियान चलाने से नहीं, बल्कि आम नागरिक को सुरक्षित माहौल देने से तय होता है। जब हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के आंकड़ों में बढ़ोतरी दर्ज हो और बड़ी संख्या में आरोपितों की गिरफ्तारी बाकी हो, तो पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

यह भी पढ़ें 👉  सियासत का दिलचस्प संयोग! कभी बाली ने मांगा था हिसाब, आज उदित ने उसी निगम से पूछे सवाल! छह साल पुरानी यादें फिर हुईं ताजा

देवभूमि में आने वाले पर्यटक हों या यहां रहने वाले आम नागरिक, हर किसी को सुरक्षित वातावरण की अपेक्षा है। खासकर महिलाओं की सुरक्षा और संगीन अपराधों में त्वरित कार्रवाई पुलिस के लिए प्राथमिकता होनी चाहिए।

अब जरूरत केवल अपराध दर्ज करने की नहीं, बल्कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और प्रभावी पुलिसिंग की है। सवाल यही है कि क्या उत्तराखंड पुलिस अपराध के इस बढ़ते ग्राफ पर प्रभावी अंकुश लगा पाएगी?