तेरा पति अब नहीं रहा, उसे मैंने ऊपर भेज दिया, छोटे भाई ने किया बड़े भाई का मर्डर
हिसार. नशा किस प्रकार से इंसान को हैवान बना देता है, इसका एक उदाहरण हरियाणा के हिसार जिले के गांव पुठी मंगल खां में देखने को मिला. जहां शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबा कर हत्या कर डाली. हत्या किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल के शव गृह पहुंचाया.
पुलिस ने रविवार सुबह मृतक कृष्ण की पत्नी रिंकू की शिकायत पर उसके छोटे भाई टिंकू के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस को दी शिकायत में रिंकू ने बताया है कि उसका पति कृष्ण कुमार गांव में मेहनत मजदूरी करता था. वहीं, उसका छोटा भाई टिंकू गांव से हांसी रूट पर आटो रिक्शा चलाता था. शनिवार शाम को कृष्ण व टिंकू अपने एक रिश्तेदार के साथ शराब पीकर रात करीब आठ बजे घर आए. घर आने के बाद जब कृष्ण की पत्नी रिंकू अपनी पति को ले जाने के लिए आई तो उस समय टिंकू अपने भाई को आटो से उतार रहा था कि इस दौरान उसका पति औंधे मुंह जमीन पर गिर गया और उसका देवर टिंकू उसके ऊपर बैठ गया और उसका गला दबाने लगा. जब उसने अपने पति को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने मुझे घर के अंदर धक्का देकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया.
रिंकू ने बताया कि थोड़ी देर बाद उसके देवर टिंकू ने कहा कि तेरा पति अब नहीं रहा, उसे मैंने ऊपर भेज दिया है और उसके बाद तेज आवाज में ऑटो रिक्शा में गाने चला दिए. रिंकू ने बताया कि उसके बाद वह किसी तरह घर से बाहर आई और पड़ोस में रहने सुनील को बुला कर लेकर आई. सुनील की मदद से अपने बेसुध पड़े अपने पति कृष्ण को घर के अंदर ले कर आई. उपचार के लिए गांव के डाक्टर को बुलाया.
डाक्टर ने उसे हांसी ले जाने की बात कही, लेकिन घर के बाहर खड़े टिंकू ने उसे हांसी नहीं ले जाने दिया और उसकी मौत हो गई. इसके बाद आस पड़ोस के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर मामले की जांच आरंभ कर दी है. नरेंद्र कुमार प्रभारी, सिटी थाना ने हत्या की वारदात की पुष्टि की है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

