खटीमा में अतिक्रमण व बिजली मीटर विवाद में घायल युवक की मौत; परिजनों का कोतवाली में जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा

खबर शेयर करें -

खटीमा: उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा अंतर्गत पंजाबी कॉलोनी में रास्ते के अतिक्रमण और बिजली मीटर लगाने को लेकर उपजे विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बीते दिनों पड़ोसी दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक विवेक कुमार ने बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने खटीमा कोतवाली का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर किया था हमला

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 14 पंजाबी कॉलोनी निवासी सीता पत्नी दीनदयाल ने पूर्व में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि क्षेत्र के ही निवासी सचिन रघुवंशी और संदीप रघुवंशी (पुत्रगण सतीश रघुवंशी) ने रंजिश के चलते एक राय होकर उनके परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया था। इस हमले में उनके देवर विवेक कुमार, सास ललिता देवी और पुत्री दीपिका गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण विवेक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बरेली (हायर सेंटर) रेफर किया गया था, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में स्कूलों का समय बदला; हीट वेव के चलते सुबह 7 से 11:30 बजे तक लगेंगे स्कूल

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष थे विवेक, आरोपी का अतिक्रमण ध्वस्त

मृतक विवेक कुमार खटीमा स्टांप वेंडर एवं अरायजनवीस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भी थे, जिसके चलते व्यापारिक और सामाजिक संगठनों में भी गहरा आक्रोश है। दोनों परिवारों के बीच रास्ते और अवैध कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी परिवार द्वारा घर के आगे किए गए अवैध अतिक्रमण को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  भवाली में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी महिंद्रा कार; बच्चे समेत 5 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

विधायक भुवन कापड़ी पहुंचे कोतवाली, पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

विवेक की मौत के बाद उनकी पत्नी ने रो-रोकर प्रशासन से अपने दो छोटे बेटों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी भी तत्काल खटीमा कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। पुलिस प्रशासन ने आक्रोशित परिजनों को आश्वस्त किया है कि मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या संबंधी धाराएं बढ़ा दी गई हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली और घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  किच्छा में रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी; देर रात ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से मौत की आशंका