गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग: शासन ने पशुधन विभाग को दिए कार्रवाई के निर्देश
हरदोई: प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति द्वारा गोमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की मांग अब शासन की दहलीज तक पहुंच गई है। समिति के अध्यक्ष शिवम द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश शासन के पशुधन विभाग को औपचारिक पत्र भेजकर गाय को राष्ट्रमाता का आधिकारिक दर्जा देने का अनुरोध किया था।
सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व का दिया हवाला
समिति द्वारा भेजे गए पत्र में तर्क दिया गया है कि भारत एक कृषि प्रधान और सनातन संस्कृति वाला देश है, जहां गाय को आदिकाल से माता के रूप में पूजा जाता है। गाय को भारतीय सभ्यता, संस्कृति और अर्थव्यवस्था की आत्मा बताते हुए समिति ने जोर दिया कि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए इसे “राष्ट्रमाता” घोषित किया जाना समय की आवश्यकता है।
शासन ने लिया संज्ञान
इस मांग की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने इस पर संज्ञान लिया है। शासन की ओर से पशुधन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) को इस मामले में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सनातन समर्थकों में खुशी की लहर
शासन द्वारा इस दिशा में कदम उठाए जाने के बाद प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों और सनातन समर्थकों में भारी उत्साह है। अध्यक्ष शिवम द्विवेदी ने शासन की इस पहल को सनातन भावनाओं के सम्मान और गोसंरक्षण के संकल्प की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम बताया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

