पुलिस में एसआई बनने के लिए रैंकर्स परीक्षा एवं ढाई हजार पदों की भर्ती पर संकट के बादल

उत्तराखंड में ढाई हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती अधर में लटकी हुई है। पुलिस मुख्यालय फरवरी में ही रिक्त पदों को भरने का प्रस्ताव भेज चुका है, लेकिन अबतक कुल रिक्त पदों की संख्या एक हाजर ही पहुंच पाई है। जिस कारण भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।
प्रदेश में पिछले पांच साल से पुलिस कांस्टेबल की भर्ती नहीं हुई है। पुलिस मुख्यालय ने इसी क्रम में ढाई हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव शासन को सौंपा है। इसमें एक हजार पद तो पहले से ही रिक्त हैं, शेष डेढ़ हजार पद कांस्टेबल के प्रमोशन के फलस्वरूप खाली होंगे।
हालांकि उक्त ढाई हजार पदों की गिनती सीएम पुष्कर धामी द्वारा भर्ती के लिए गिने गए 22 हजार रिक्त पदों में शामिल हैं। फिर भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। इस बारे में गृह सचिव रंजीत सिन्हा ने कहा कि प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है।
रैंकर्स का रिजल्ट भी अटका
पुलिस में एसआई बनने के लिए फरवरी में हुई विभागीय रैंकर्स परीक्षा का परिणाम अभी तक जारी नहीं किया गया है। आयोग के सचिव संतोष बडोनी के मुताबिक परिणाम जारी करने से पहले आयोग ने कुछ बिंदुओं पर पुलिस मुख्यालय से जानकारी मांगी है। लेकिन अबतक आयोग को पूरा विवरण नहीं मिल पाया है। इसके बाद ही रैंकर्स का परिणाम जारी हो पाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

