दवा समझकर चाटी कीटनाशक की शीशी, 13 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें -

किच्छा/हल्द्वानी (22 अप्रैल 2026): ऊधमसिंह नगर जिले के पुलभट्टा क्षेत्र में एक मासूम की छोटी सी चूक उसकी जान पर भारी पड़ गई। घर में सफाई के दौरान मिली कीटनाशक की शीशी को दवा समझने की गलती ने 13 साल की अर्शी की जीवनलीला समाप्त कर दी।

दवा समझकर की थी चखने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, पुलभट्टा निवासी ट्रक ड्राइवर अफरोज की तीसरे नंबर की बेटी अर्शी (13 वर्ष) मंगलवार सुबह घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान उसे जमीन पर एक छोटी शीशी पड़ी मिली। अर्शी ने उसे दवा का सीरप समझा और स्वाद चखने के लिए उसे हल्का सा चाट लिया।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने मैक्स अस्पताल पहुंचकर जाना पूर्व CM खंडूड़ी का हाल, खाटू श्याम मंदिर में भी की सुख-समृद्धि की कामना

तबीयत बिगड़ने पर पिता को किया फोन

शीशी चाटने के कुछ ही देर बाद अर्शी को लगातार उल्टी और दस्त होने लगे। उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। उस समय अफरोज हल्द्वानी के कमलुवागांजा क्षेत्र में थे, जहाँ से वे फौरन घर पहुँचे और बेटी को पास के एक निजी क्लीनिक ले गए।

जब खुला कीटनाशक का राज

निजी चिकित्सक द्वारा दी गई दवा से जब अर्शी की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो पिता ने उससे सख्ती से पूछा कि उसने क्या खाया था। तब अर्शी ने घर में मिली उस शीशी के बारे में बताया। जब अफरोज ने वह शीशी देखी, तो उनके होश उड़ गए; वह खेतों में छिड़काव करने वाली जहरीली कीटनाशक दवा थी। अफरोज ने तत्काल यह जानकारी डॉक्टर को दी, जिन्होंने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: पत्नी को वीडियो कॉल पर फंदा दिखाया और लगा ली फांसी, वोल्टास कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर की मौत

सुशीला तिवारी अस्पताल में तोड़ा दम

मंगलवार शाम को परिजन अर्शी को लेकर हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुँचे। यहाँ डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जहर शरीर में फैल जाने के कारण अर्शी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  महिलाओं की आड़ में चुनावी खेल? अलका पाल बोलीं—भाजपा की बड़ी रणनीति बेनकाब”