हल्द्वानी: गौलापार पुल के पास नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत; एसटीएच में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गौलापार पुल के समीप रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। चार-पांच दोस्तों के साथ नहाने गए उत्तर प्रदेश निवासी 15 वर्षीय एक किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में किशोर को गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है।
निर्माण कार्य से बने गहरे गड्ढे बने हादसों का सबब, स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय पार्षदों और निवासियों ने इस हादसे पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए क्षेत्र में चल रहे सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पोकलैंड मशीनों से गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिनमें पानी भरने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। प्रशासन की सख्ती न होने से बच्चे आसानी से उस तरफ चले जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय में इस इलाके में डूबने से मौत के 4 से 5 हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


