
घर में मननी थी खुशियां, पहुंच गया युवक का शव… इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
राजू अनेजा, काशीपुर। काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। शादी की पांचवीं वर्षगांठ से ठीक एक दिन पहले एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जिस घर में सोमवार को सालगिरह की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां रविवार शाम मातम पसरा हुआ था।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी लकी प्रभाकर (38) रविवार को अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से कालागढ़ स्थित रामगंगा नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि लौटते समय अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव मानियावाला के पास बनैली नदी के निकट तीव्र मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
गड्ढे में गिरी बाइक, मौके पर मचा हड़कंप
ग्राम प्रधान अंकुर कुमार के मुताबिक हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल लकी को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए।
इकलौते बेटे की मौत से टूटे बुजुर्ग मां-बाप
लकी प्रभाकर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कुंडा चौराहे के पास उसकी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी, जिससे वह पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था। पिता बुजुर्ग होने के बावजूद मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाते थे, जबकि मां लंबे समय से बीमार चल रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बेटे की मौत ने परिवार की कमर तोड़ दी है। गांव में हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
18 मई को थी शादी की वर्षगांठ
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सोमवार 18 मई को लकी की शादी की पांचवीं वर्षगांठ थी। परिवार सालगिरह की तैयारी में जुटा था, लेकिन उससे पहले ही मौत की खबर घर पहुंच गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पत्नी की आंखों के सामने उसका जीवनसाथी हमेशा के लिए बिछड़ गया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

