खबर शेयर करें -

 

वाह बाली वाह…! स्वच्छता के दम पर काशीपुर से उत्तराखंड का देशभर में बढ़ाया मान

 

 

काशीपुर को प्रदेश में प्रथम पुरस्कार, रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों में मिला पहला स्थान; मुख्यमंत्री धामी ने महापौर दीपक बाली और विकास शर्मा को दी बधाई

 

राजू अनेजा, काशीपुर।वाह बाली वाह…! स्वच्छता के मोर्चे पर काशीपुर ने ऐसा परचम लहराया कि प्रदेश ही नहीं, देशभर में उत्तराखंड का मान बढ़ गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर ने उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज कराई है। वहीं रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला पुरस्कार प्राप्त किया है। दोनों शहरों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताते हुए महापौर दीपक बाली और महापौर विकास शर्मा सहित दोनों नगर निगमों की टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत दोनों शहरों को सम्मानित किया गया। काशीपुर को प्रदेश में प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: कैंची धाम के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बरेली के पर्यटकों की कार; चालक की मौत, चार युवक गंभीर रूप से घायल

 

 

मुख्यमंत्री आवास में गूंजी काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धि

 

गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने शहरी विकास विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। दोनों महापौरों ने मुख्यमंत्री को स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

 

 

धामी बोले- दूसरे निकाय भी काशीपुर और रुद्रपुर से लें प्रेरणा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी जिम्मेदारी समझना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: धारचूला में सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत; बाइक से गिरकर सेना के ट्रक की चपेट में आया बच्चा, जर्जर हाईवे पर आक्रोश

 

उन्होंने कहा कि शहरों में कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता के आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। इसके लिए जनभागीदारी को और मजबूत करना होगा।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य नगर निकायों को भी काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श बनेंगे।

 

 

दोनों महापौरों ने बताईं स्वच्छता की पहल

 

इस दौरान महापौर दीपक बाली और महापौर विकास शर्मा ने अपने-अपने नगर निगमों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने, स्वच्छता के बुनियादी ढांचे में सुधार और सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझा नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाल के बीच का विवाद; स्ट्रीट लाइटें बहाल, शुक्रवार से शुरू होगी सफाई व्यवस्था

 

बैठक में शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे और सचिव नितेश झा भी उपस्थित रहे।

 

दोनों शहरों को मिले इस सम्मान ने उत्तराखंड को स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है। काशीपुर और रुद्रपुर की यह उपलब्धि प्रदेश के दूसरे नगर निकायों के सामने भी बेहतर कार्यप्रणाली और सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ने की मिसाल पेश करती है।