लालकुआं: पुलिस और चेयरमैन विवाद में नया मोड़; नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दर्ज हुए दो मुकदमे, अवैध वसूली और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप

खबर शेयर करें -

लालकुआं (नैनीताल)। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और स्थानीय पुलिस प्रशासन के बीच चल रहा टकराव अब गंभीर कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। 11 नवंबर को हुए पूरे घटनाक्रम के बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने गुरुवार (12 नवंबर) तड़के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के विरुद्ध दो अलग-अलग संगीन मुकदमे पंजीकृत किए हैं। पहली प्राथमिकी एक किसान एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तहरीर पर दर्ज की गई है, जबकि दूसरी प्राथमिकी स्वयं पुलिस की ओर से सरकारी कार्य में बाधा डालने व यातायात अवरुद्ध करने के आरोप में दर्ज की गई है।

पहला मुकदमा: ट्रैक्टर चालक ने लगाया अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी का आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहला मुकदमा गुरुवार सुबह 5:35 बजे एफआईआर संख्या 0177 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 308(4) और 352 में दर्ज किया गया है। बिलासपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी किसान एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक इंदरजीत सिंह (पुत्र बलदेव सिंह) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने खेतों से पराल (पुआल) लेकर जंगल की ओर जाता है, जिसका उपयोग गुर्जर समुदाय के पशुपालक मवेशियों के चारे के लिए करते हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 11 नवंबर की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष ने जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर उसकी पराल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान अध्यक्ष ने अभद्रता करते हुए वाहन और पराल छोड़ने के बदले पैसों की मांग की और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। चालक ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा दिलाने की गुहार लगाई है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट को सौंपी गई है।

दूसरा मुकदमा: सरकारी कार्य में बाधा डालने और करीब दो घंटे यातायात जाम करने पर कार्रवाई

दूसरा मुकदमा सुबह 6:28 बजे एफआईआर संख्या 0178 के तहत पुलिस की ओर से दर्ज कराया गया है, जिसमें बीएनएस की धारा 126(2), 221 और 352 लगाई गई हैं। पुलिस शिकायत के मुताबिक, 11 नवंबर को सुबह करीब 8:10 बजे वार्ड नंबर तीन, चार और मुख्य मार्गों पर यातायात व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। ट्रैक्टर-ट्रॉली रोके जाने से विवाद की सूचना पर कांस्टेबल अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल आनंदवीर, कांस्टेबल दिलीप कुमार और उमेश गिरी मौके पर पहुंचे।
पुलिस का आरोप है कि अध्यक्ष द्वारा बीच रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली रोके जाने से आमजन का आवागमन बाधित हो रहा था। समझाने के बावजूद अध्यक्ष नहीं माने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली के सामने खड़ा करवा दिया। इससे मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटा 45 मिनट तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान अध्यक्ष और उनके कुछ साथियों पर चालक को धमकाने का भी आरोप है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के स्तर से कार्रवाई दर्ज की गई है।

कोतवाली में धरने और कार्य बहिष्कार की चेतावनी के बाद गरमाया माहौल

गौरतलब है कि 11 नवंबर को ओवरलोड वाहनों से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद चेयरमैन और कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके विरोध में अध्यक्ष ने समर्थकों व पूर्व सैनिकों के साथ कोतवाली में धरना दिया था और नगर की प्रकाश व सफाई व्यवस्था ठप कर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी थी। हालांकि, उस समय पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) लव शर्मा ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। अब अध्यक्ष के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज होने के बाद लालकुआं की स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें 👉  आटा चक्की से राष्ट्रपति भवन तक का सफर… एक कमरे से शुरू हुई जिंदगी ने हासिल किया देश का सर्वोच्च सम्मान, पति के संघर्ष की कहानी सुनाते हुए भावुक हुईं उर्वशी बाली
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  जहां महापौर की साख गिराने की हो रही थी साजिश, वहां राष्ट्रपति से सम्मानित होकर दीपक बाली ने दिया विरोधियों को करारा जवाब!