देहरादून के निजी अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग; वेंटिलेटर पर महिला मरीज की मौत, 10 घायल, 3 जांबाज पुलिसकर्मी भी भर्ती

खबर शेयर करें -

देहरादून: राजधानी देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे वहां भीषण आग लग गई। इस हादसे में आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला मरीज की दम घुटने और ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित 10 अन्य मरीज झुलस व घायल हो गए। मरीजों की जान बचाने के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की हालत भी गंभीर हो गई, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है।

धुएं के गुबार के बीच जांबाजी से किया रेस्क्यू

यह भी पढ़ें 👉  बिजली के तारों में फंसा बदरीनाथ के तीर्थयात्रियों का हेलीकॉप्टर, महिला पायलट ने खेतों में कराई सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आईसीयू के भीतर जहरीली गैस और काले धुएं का गुबार भरा हुआ था, जिससे मरीजों का दम घुटने लगा था। दमकल कर्मियों और पुलिस जवानों ने भारी मशक्कत के बाद शीशे तोड़कर आईसीयू में फंसे मरीजों को बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया। घायलों में एक ढाई साल की मासूम बच्ची और एक नवजात शिशु (Newborn) भी शामिल है।

रेस्क्यू के दौरान 3 पुलिसकर्मी भी हुए बेहोश

मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की जंग में पुलिस के जवानों ने अपनी जान की बाजी लगा दी। जहरीले धुएं के बीच लगातार रेस्क्यू करने के कारण तीन पुलिसकर्मियों को सीने में जलन, घुटन, सांस लेने में अत्यधिक दिक्कत और बेहोशी की शिकायत के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। उपचार के दौरान बल्लीवाला (देहरादून) निवासी 60 वर्षीय महिला मरीज वीरवती की मौत हो गई, जो हादसे के वक्त पहले से ही वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा के पूर्व अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष गफ्फार को बीच बाजार से उठा ले गई यूपी पुलिस, असलहा तस्करी और बरेली दंगे से जुड़े तार

शॉर्ट सर्किट बना वजह, सरकार ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राजीव स्वरूप प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक आकलन में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट से हुआ विस्फोट लग रहा है, हालांकि पूरी घटना की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: उपाध्यक्ष पद पर युवा नेता भुवन सिंह बिष्ट की दावेदारी; 'डिजिटल व्यापार' और 'सुरक्षा' के वादे के साथ मैदान में उतरे

उधर, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य मंत्री ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा:

“इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल जिले के सभी निजी अस्पतालों की सुरक्षा और फायर मानकों की सघन जांच करें, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा न हो।”