अल्मोड़ा: 10 माह की बेटी के रोने पर पति की डांट से क्षुब्ध 23 वर्षीय विवाहिता ने लगाई फांसी; फंदे पर लटका मिला शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप

अल्मोड़ा। जिले के ताकुला क्षेत्र अंतर्गत कोट्यूड़ा के तोक कोसिलधार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज 10 महीने की बेटी के रोने पर पति द्वारा टोकने से नाराज 23 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। इस मर्माहत करने वाली घटना से मृतका के घर में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में हड़कंप व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
बेटी के रोने पर पति ने दी थी डांट, कमरे के भीतर उठाया खौफनाक कदम
ताकुला चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की है। मृतका पूजा घर के बाहर बैठी हुई थी, इसी दौरान अंदर कमरे में उसकी 10 माह की छोटी बेटी जोर-जोर से रोने लगी। बेटी के रोने की आवाज सुनकर पति दिनेश कुमार कमरे से बाहर आया और उसने पूजा को बेटी का ध्यान न रखने को लेकर टोक दिया।
पति की यह फटकार युवा पत्नी को इस कदर नागवार गुजरी कि वह गुस्से में सीधा कमरे के अंदर चली गई, जबकि पति अपनी बेटी को लेकर पुराने घर की तरफ चला गया। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब पूजा कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी सास ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सास ने खिड़की से झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पूजा का शव कमरे के भीतर एक डंडे के सहारे फंदे पर लटक रहा था।
परिजनों ने तोड़ा दरवाजा, तब तक हो चुकी थी मौत
घटना के बाद घबराए परिजनों ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर पूजा को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक पूजा की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने बताया कि मृतका का पति लखनऊ में किसी निजी जगह पर कार्य करता है और दीपावली की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जिसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

