भीमताल मामला: फरार आरोपी के घर पर प्रशासन ने चस्पा किया नोटिस; सरकारी जमीन पर मिला अवैध कब्जा, 15 दिन में गिराने के निर्देश
भीमताल/नैनीताल (23 अप्रैल 2026): भीमताल में पहचान छिपाकर हिंदू युवतियों का शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक धोखाधड़ी करने वाले आरोपी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हिंदूवादी संगठनों के भारी विरोध और जनता की मांग पर जब राजस्व विभाग ने आरोपी के आवास की जांच की, तो वहां बड़े पैमाने पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। इसके बाद उप-जिलाधिकारी (SDM) नैनीताल ने आरोपी की माँ को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि ग्राम महरागांव चौहानपाटा स्थित खाता संख्या 07 और खसरा संख्या 07 की ‘बंजर भूमि’ पर आरोपी के परिवार ने अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण किया हुआ है। इस रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम नैनीताल ने आरोपी की मां कमरूनिशा पत्नी मोहम्मद तहसीन के नाम नोटिस जारी किया है। बुधवार को प्रशासन की टीम ने गांव पहुँचकर आरोपी के घर के बाहर यह नोटिस चस्पा कर दिया।
15 दिन की मोहलत या ‘बुलडोजर’ की कार्रवाई
प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में संबंधित पक्ष को दो टूक निर्देश दिए गए हैं:
-
अतिक्रमण हटाएं: नोटिस प्राप्ति की तिथि से 15 दिनों के भीतर सरकारी भूमि पर किया गया अवैध निर्माण स्वयं हटा लिया जाए।
-
दस्तावेज पेश करें: यदि भूमि पर मालिकाना हक का कोई वैध दस्तावेज मौजूद है, तो उसे 7 मई, 2026 को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय में पेश करें।
-
चेतावनी: समय-सीमा समाप्त होने पर यदि कोई साक्ष्य नहीं मिला या निर्माण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन बलपूर्वक ध्वस्तीकरण (Demolition) की कार्रवाई शुरू करेगा।
हिंदूवादी संगठनों में उबाल, जल्द गिरफ्तारी की मांग
इधर, आरोपी के अभी तक फरार रहने से स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश है। भाजपा नेता मनोज भट्ट और सामाजिक कार्यकर्ता प्रिंस खनायत ने प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि केवल घर पर नोटिस काफी नहीं है; पुलिस को चाहिए कि वह फरार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजे।
उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर सोमवार को भीमताल बाजार पूरी तरह बंद रहा था। वर्तमान में पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई ने आरोपी के परिवार पर दबाव और बढ़ा दिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

