हल्द्वानी के पीलीकोठी में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष: जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर अंतर्गत पीलीकोठी क्षेत्र में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प, मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया। घटना के बाद सड़क पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, एसपी सिटी बोले— अराजकता फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से उपद्रवियों की शिनाख्त करने में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने और अराजकता फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पहचान होते ही उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बढ़ती घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता, गश्त बढ़ाने की मांग
हल्द्वानी के सार्वजनिक स्थानों पर आए दिन हो रही मारपीट और उपद्रव की घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीलीकोठी में हुई इस खुलेआम पत्थरबाजी की घटना से स्थानीय नागरिकों में खौफ और चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।

