अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर बस दुर्घटना: निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से टकराई पर्यटकों की बस, 14 घायल, 5 की हालत गंभीर

खबर शेयर करें -

गरमपानी (23 अप्रैल 2026): अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से उत्तराखंड घूमने आए पर्यटकों की बस एक निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में 14 पर्यटक घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

शादी समारोह से लौट रहे थे पर्यटक

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और राजस्थान से आए लगभग 28 पर्यटक अल्मोड़ा के एक रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने के बाद बस (संख्या UK 04 PA 4041) से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। रास्ते में पर्यटकों ने कैंची धाम स्थित बाबा नीम करौरी आश्रम में मत्था टेकने के लिए ठहराव किया था।

यह भी पढ़ें 👉  छात्राओं की अश्लील वीडियो बनाने वाले खेल शिक्षक पर गिरी गाज, निलंबित; बीईओ भी रुद्रपुर कार्यालय संबद्ध

मोबाइल के चक्कर में वापस घूमी बस और हुआ हादसा

बस में सवार यात्री रोहित अग्रवाल ने बताया कि कैंची धाम पहुँचने के बाद चालक महेश पांडे ने कहा कि वह अपना मोबाइल गरमपानी के पास एक होटल में भूल आया है। चालक कुछ सवारियों को मंदिर में छोड़कर बस को वापस गरमपानी की ओर ले जाने लगा। इसी दौरान दोपांखी क्षेत्र में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से जा भिड़ी।

यह भी पढ़ें 👉  भगवान भरोसे काशीपुर का अस्पताल, 100 ऑक्सीजन सिलिंडर गायब—सिस्टम को भनक तक नहीं

चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही खैरना पुलिस की टीम चौकी प्रभारी रमेश पंत के नेतृत्व में मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गरमपानी पहुँचाया।

घायलों की सूची:

  • हावड़ा (कोलकाता): स्नेहलता अग्रवाल, लक्ष्य, आभा, वत्स, मीनू, सुनीता, विनोद अग्रवाल, सरोज, बसंत कुमार, बलदेव, हर्षल अग्रवाल।

  • राजस्थान: शकुंतला, लीलाधर सैनी, जिज्ञासा।

चिकित्सकों ने बताया कि स्नेहलता, आभा, लक्ष्य, वत्स और मीनू की हालत नाजुक है, जिन्हें 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से हल्द्वानी रेफर किया गया है।

हादसे का कारण: जंगली जानवर या तेज रफ्तार?

हादसे के कारणों को लेकर विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं। चालक का कहना है कि हाईवे पर अचानक जंगली जानवर आने से बस असंतुलित हुई, जबकि बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि चालक बस को काफी तेज गति से चला रहा था। गनीमत रही कि हादसे के वक्त 14 अन्य पर्यटक कैंची धाम में ही उतरे हुए थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

यह भी पढ़ें 👉  भू-कारोबारियों की भूख ने निगली काशीपुर की हरियाली, कभी ‘मिनी पंजाब’ से थी पहचान, अब कंक्रीट के जंगल में तब्दील शहर