
राजू अनेजा,काशीपुर। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कॉलेज परिसर में एक छात्रा का वॉशरूम के अंदर वीडियो बनाने की कोशिश किए जाने के दावे ने पूरे कैंपस में सनसनी फैला दी है।इधर मामले को लेकर छात्र राजनीति भी गरमा गई है और छात्र संगठन आमने-सामने आ गए हैं।
मामला तब सामने आया जब छात्रसंघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया कि कॉलेज परिसर में एक छात्रा वॉशरूम गई थी, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की की ओर से मोबाइल कैमरा अंदर डालकर वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि छात्रा के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
“क्या कॉलेज में भी सुरक्षित नहीं बेटियां?”
वीडियो में छात्रसंघ अध्यक्ष ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिस महाविद्यालय को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है, अगर वहां भी छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं तो यह पूरे सिस्टम पर बड़ा सवाल है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वॉशरूम इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतें और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज के कई वॉशरूम बंद पड़े हैं, जबकि पीजी ब्लॉक और भूगोल विभाग के कुछ वॉशरूम ही उपयोग में हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों के लिए मौके बढ़ रहे हैं।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद गरमाई राजनीति
मामले ने तूल तब पकड़ लिया जब छात्रसंघ उपाध्यक्ष अक्षय रस्तोगी, एबीवीपी कार्यकर्ता रिंकू बिष्ट, अमन चौधरी और विवि प्रतिनिधि पायल थापा ने पत्रकार वार्ता कर छात्रसंघ अध्यक्ष के दावों पर सवाल खड़े कर दिए।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष अक्षय रस्तोगी ने कहा कि यदि घटना सच है तो सीधे पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करानी चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर कॉलेज का माहौल खराब करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सबूत ऐसे गंभीर आरोप लगाना संस्थान की छवि धूमिल करने जैसा है।
कॉलेज प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों में आक्रोश का माहौल है। हालांकि अब तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही किसी जांच या शिकायत की पुष्टि की गई है।
इधर छात्र संगठनों ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वॉशरूम के आसपास निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध लोगों की एंट्री रोकने की मांग उठाई है।
अब सवाल यह है कि आखिर कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुरक्षा कितनी मजबूत है और यदि घटना हुई है तो आरोपी कौन है? पूरे मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

