बदरीनाथ धाम में पुलिस और सेना के जवानों के बीच झड़प: मेजर समेत 15 जवानों पर मुकदमा दर्ज, धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप
चमोली। प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में यात्रा व यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के बीच विवाद का एक बड़ा मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान और सेना के एक मेजर के बीच हुई कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बदरीनाथ थाना पुलिस ने आर्मी मेजर समेत 15 सेना के जवानों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यातायात व्यवस्था को लेकर हुआ विवाद, सेना के जवानों पर होमगार्ड को ले जाने के प्रयास का आरोप
चमोली पुलिस के अनुसार, बीती 8 अगस्त को बदरीनाथ धाम में यातायात एवं यात्रा व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान यातायात को लेकर एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच बहस हो गई। आरोप है कि मेजर ने अन्य सैन्य कर्मियों को मौके पर बुला लिया और होमगार्ड जवान को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने बीच-बचाव किया, जिस दौरान दोनों पक्षों में भारी धक्का-मुक्की हुई।
बदरीनाथ थाने पहुंचे 10-15 जवान, पुलिस ने BNS की 8 गंभीर धाराओं में दर्ज किया केस
घटना के बाद 10 से 15 सैन्य जवान बदरीनाथ थाने पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी। कांस्टेबल विजय सिंह की लिखित तहरीर पर बदरीनाथ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटना की पुष्टि की है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मदन बिष्ट ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


