क्रिकेटर ऋषभ पंत ने आधी रात को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर CM धामी से मांगी मदद: बोले— 3 साल से नहीं मिल रही जमीन, दिल्ली से वापस उत्तराखंड में बसना चाहता हूं
देहरादून/श्रीलंका। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज की तैयारियों में व्यस्त ऋषभ पंत ने 8 अगस्त की देर रात (12:46 बजे) एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि वह अपना घर दिल्ली से दोबारा उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन सालों से प्रयासरत रहने के बावजूद उन्हें राज्य में अपने लिए उपयुक्त जमीन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में ध्यान देने की अपील की है।
“अपने पहाड़ी लोगों के पास वापस लौटना और राज्य के विकास में योगदान देना चाहता हूं”
ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें अपने गृह राज्य उत्तराखंड से बेहद प्यार है और वह अपने पहाड़ी लोगों के पास वापस आकर रहना चाहते हैं। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि राज्य को प्रमोट करने पर उन्हें जो जमीन मिलनी थी, वह भी अब तक नहीं मिल सकी है। पंत ने लिखा, “सभी बातों को अलग रखकर मैं अपने घर वापस लौटना चाहता हूं और उत्तराखंड के विकास में अपना योगदान देना चाहता हूं। जमीन मिलने की प्रक्रिया काफी कठिन हो गई है, कृपया इस मामले पर संज्ञान लें। मुझे आपके जवाब का इंतजार है।”
श्रीलंका दौरे पर अभ्यास मैच में व्यस्त हैं पंत, 15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
एक तरफ जहां ऋषभ पंत का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर वह श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयारियों में जुटे हैं। भारतीय टीम इस समय श्रीलंका में तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से यह टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें सीनियर खिलाड़ी ऋषभ पंत से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।


