पिथौरागढ़: शटडाउन के बावजूद लाइन में दौड़ा करंट, बीएसएनएल लाइन बिछा रहा मजदूर झुलसा; हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़: जनपद के जाख बालाकोट क्षेत्र में एक बड़ी लापरवाही के कारण बड़ा हादसा सामने आया है। बिजली की 11 केवी लाइन के पोलों पर बीएसएनएल (BSNL) की लाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर की पहचान 36 वर्षीय रविंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सहारनपुर का निवासी है और वर्तमान में भट्यूड़ा में रह रहा था। हादसे के बाद उसे तत्काल जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिले बीएसएफ हेड कांस्टेबल की मौत, जहरखुरानी गिरोह के शिकार होने की आशंका

अंदरूनी अंग जले, लापरवाही का आरोप

जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के अनुसार, करंट की चपेट में आने से मजदूर के अंदरूनी अंग बुरी तरह जल गए हैं। मजदूर के चाचा अशोक कुमार ने बिजली विभाग और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कार्य शुरू करने से पहले बाकायदा शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अचानक लाइन में करंट छोड़ दिया गया, जो एक बेहद गंभीर लापरवाही है। परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  युवती का नहाते हुए वीडियो बनाते टेलर रंगेहाथ गिरफ्तार, स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

पुलिस जांच में जुटी, विभाग और ठेकेदार पर गिरेगी गाज

हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी कोतवाल मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सबसे महत्वपूर्ण बिंदु यह है कि कार्य के दौरान शटडाउन आधिकारिक तौर पर लिया गया था या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में विभाग या ठेकेदार की लापरवाही सिद्ध होती है, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, क्षेत्र में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मानसून की धमाकेदार एंट्री: पहाड़ से मैदान तक झमाझम बारिश, देहरादून और बागेश्वर में 'ऑरेंज अलर्ट'
Ad