चरित्र शंका में पति ने दरांती से गला रेतकर की पत्नी की हत्या, आरोपी फरार

खबर शेयर करें -
विकासनगर/कालसी। जौनसार-बावर क्षेत्र के अंतर्गत कालसी तहसील के कचटा गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आपा खो चुके पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी पर धारदार हथियार (दरांती) से ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कालसी तहसील से राजस्व पुलिस और कालसी थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।

3 साल पहले हुई थी शादी; तैश में आकर वारदात को दिया अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी 24 वर्षीय आरोपी युवक और उसकी 22 वर्षीय पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति के सिर पर खून सवार हो गया। घर में दोनों के अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने पास में रखी दरांती से अपनी पत्नी के गले और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से लहूलुहान महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी दरांती वहीं छोड़कर गांव से भाग निकला।

राजस्व पुलिस ने दरांती की बरामद; परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही कालसी तहसील के नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल और राजेंद्र लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती को कब्जे में ले लिया। राजस्व पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है और राजस्व पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है।

‘गले और चेहरे पर मिले गहरे निशान; आरोपी की तलाश जारी’: नायब तहसीलदार

मामले की जानकारी देते हुए कालसी के नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने बताया कि, “कचटा गांव में पति द्वारा आपसी विवाद में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के गले और चेहरे पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।”
यह भी पढ़ें 👉  डीएफओ कार्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में आग: अकाउंट्स, भूमि हस्तांतरण और एस्टैब्लिशमेंट का रिकॉर्ड खाक
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  पत्नी की हत्या के इरादे से तमंचा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार; 315 बोर का तमंचा और बाइक बरामद