काशीपुर में चल रहा ‘फर्जी प्लॉट’ का खेल ! प्लॉट दिखाया कहीं, रजिस्ट्री कर दी कहीं और,तीन दिन में तीसरी FIR दर्ज

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। शहर में जमीन कारोबार के नाम पर कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। गढ़वाल सभा रोड स्थित यूके कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के मालिकों पर फर्जी रजिस्ट्री कर लाखों रुपये हड़पने के आरोप लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि महज तीन दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ यह तीसरी प्राथमिकी दर्ज हुई है, जिससे पूरे प्रॉपर्टी कारोबार में हड़कंप मच गया है।
यूपी के मुरादाबाद जनपद के चंद्रनगर निवासी दिनेश कुमार पंकज ने कुंडा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने विनय गबर्याल के माध्यम से यूके कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के प्रोपराइटर एहसान अली, शाकिर अली और निजामुद्दीन से संपर्क किया था। आरोप है कि शाहगंज क्षेत्र में 100 वर्गफुट का प्लॉट दिखाकर उनसे 3 लाख 60 हजार रुपये वसूल लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि कॉलोनाइजरों ने कॉलोनी में पक्की सड़क, नाली, बिजली और पार्क जैसी मूलभूत सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया था। मौके पर गाटा संख्या-13 में प्लॉट दिखाया गया, लेकिन धोखाधड़ी की नीयत से रजिस्ट्री गाटा संख्या-14 में करा दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: महिला चौकी इंचार्ज से अभद्रता करना रसूखदार को पड़ा भारी; लग्जरी कार से काली फिल्म हटाने पर किया था हंगामा, गिरफ्तार

 

दाखिल-खारिज में खुली पोल

जब दिनेश कुमार ने दाखिल-खारिज की प्रक्रिया शुरू कराई तो राजस्व रिकॉर्ड देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि संबंधित गाटा संख्या में कोई जमीन खाली ही नहीं बची है। तहसीलदार काशीपुर की रिपोर्ट में भी साफ हो गया कि जिस खसरा नंबर की जमीन बेची गई, वहां कोई रकबा उपलब्ध नहीं है।
इतना ही नहीं, पुलिस ऐप के जरिए शिकायत के बाद तत्कालीन सीओ काशीपुर के निर्देश पर हुई पैमाइश में लेखपाल ने बताया कि जिस भूमि की रजिस्ट्री की गई है, वहां तो चकरोड मौजूद है। यानी खरीदार को प्लॉट के नाम पर सड़क बेच दी गई।

रेलवे अधिकारी समेत कई लोग पहले भी लगा चुके हैं आरोप

इससे पहले भी मुरादाबाद निवासी और उत्तर रेलवे से सेवानिवृत्त मंडल कार्मिक अधिकारी रामकैलाश ने यूके कॉलोनाइजर पर रजिस्ट्री और अन्य खर्चों के नाम पर 12 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया था।
वहीं हरथला कॉलोनी मुरादाबाद निवासी ज्योति भास्कर ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी मां के साथ शाहगंज जसपुर क्षेत्र में 42 फीट सड़क किनारे कॉर्नर प्लॉट का सौदा 15 लाख रुपये में किया था, लेकिन न तो कब्जा मिला और न ही रुपये वापस किए गए।
पुलिस जांच में जुटी
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद कुंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही कॉलोनाइजर के खिलाफ लगातार दर्ज हो रही FIRs ने काशीपुर के प्रॉपर्टी कारोबार पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: भारी बारिश से सातशिलिंग-थल मार्ग बाधित; मलबे में फंसे वाहन, स्कूली बच्चे और यात्री परेशान
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : पिंजरे में कैद हुआ दूसरा 'संभावित' हमलावर गुलदार; DNA रिपोर्ट तय करेगी किसे मिलेगी उम्रकैद