राष्ट्रपति से सम्मान लेकर काशीपुर पहुंचे दीपक बाली का जोरदार खैरमकदम! भव्य स्वागत से गदगद महापौर बोले- देवतुल्य जनता के सहयोग से अब देश में नंबर वन बनाएंगे काशीपुर

खबर शेयर करें -

पार्षदों, सामाजिक संगठनों और नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत, महापौर बोले- देवतुल्य जनता के सहयोग से अब देश में नंबर वन बनाएंगे काशीपुर

राजू अनेजा,काशीपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर काशीपुर लौटे महापौर दीपक बाली का शुक्रवार को शहर में जोरदार खैरमकदम किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर का मान बढ़ाकर लौटे महापौर के स्वागत के लिए नगर निगम परिसर में पार्षदों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का हुजूम उमड़ पड़ा। फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान शहर में उत्साह और गर्व का माहौल दिखाई दिया। महापौर ने इस उपलब्धि को काशीपुर की जनता और नगर निगम की पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताते हुए ऐलान किया कि अब अगला लक्ष्य काशीपुर को देश में नंबर वन बनाना है।

स्वागत के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर दीपक बाली ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर को उत्तराखंड में प्रथम स्थान मिलना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि काशीपुर के प्रत्येक नागरिक, पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण मित्र के अथक परिश्रम का सम्मान है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और प्रेरणा को देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के प्रति जिस तरह प्रोत्साहित किया, उससे नगर निगम को बेहतर काम करने की ऊर्जा मिली। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण मित्रों का आभार जताते हुए कहा कि धूप, गर्मी और विपरीत परिस्थितियों में धरातल पर मेहनत करने वाले ये कर्मचारी इस सम्मान के सबसे बड़े हकदार हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझा नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाल के बीच का विवाद; स्ट्रीट लाइटें बहाल, शुक्रवार से शुरू होगी सफाई व्यवस्था

 

21वें स्थान से प्रदेश में पहले पायदान तक पहुंचा काशीपुर

महापौर ने बताया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में काशीपुर उत्तराखंड के 107 शहरी निकायों में 21वें स्थान पर था, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेणी के 820 शहरों में 372वें स्थान पर रहा था। इस बार नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया और काशीपुर राष्ट्रीय स्तर पर 102वीं रैंक हासिल करने के साथ उत्तराखंड में प्रथम स्थान पर पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बताती है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो और पूरी टीम एक लक्ष्य लेकर काम करे तो शहर की तस्वीर और पहचान दोनों बदली जा सकती हैं। हालांकि, प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना मंजिल नहीं है। अब काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के लिए और अधिक मेहनत की जाएगी।

 

12,500 अंकों की परीक्षा में 177 उपश्रेणियों पर हुआ मूल्यांकन

महापौर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल सड़कों पर दिखाई देने वाले कूड़े के ढेरों के आधार पर नहीं होता। इसमें कुल 12,500 अंकों के लिए 10 प्रमुख श्रेणियों और 177 उपश्रेणियों में शहर के कामकाज का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें कचरे का पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गंदे पानी का प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, हरियाली, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की पहुंच 90 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शोधित पानी का दोबारा उपयोग पौधों की सिंचाई और सड़कों की धुलाई जैसे कार्यों में किया जा रहा है। स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता चौपाल और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: पुलिस और चेयरमैन विवाद में नया मोड़; नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दर्ज हुए दो मुकदमे, अवैध वसूली और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप

 

कूड़े की तस्वीरें दिखाने के साथ उसे हटवाने में भी सहयोग करें

सोशल मीडिया पर शहर में कूड़े के ढेरों की तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए जाने पर महापौर ने कहा कि नगर निगम की गाड़ियां जरूरत पड़ने पर एक दिन में कई बार कचरा उठा सकती हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डाला ही न जाए, इसके लिए जनता की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से भी अपील की कि वे केवल सोशल मीडिया पर कूड़े के ढेर दिखाने तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों को जागरूक करने और शहर को स्वच्छ बनाने में भी अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी समय पर नहीं पहुंच रही है या लंबे समय से कचरा पड़ा है तो नगर निगम को इसकी सूचना दें। निगम अपनी जिम्मेदारी निभाएगा और जनता को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

 

विरोध और व्यक्तिगत राजनीति से नहीं डिगेगा स्वच्छता अभियान

महापौर दीपक बाली ने कहा कि व्यक्तिगत राजनीति के तहत उनके खिलाफ चाहे कितनी भी टिप्पणियां की जाएं, लेकिन वे शहर की स्वच्छता और विकास के लिए अपना अभियान जारी रखेंगे। काशीपुर का हित किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से बड़ा है। सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को व्यक्तिगत विरोध से ऊपर उठकर शहर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद शहर के लोगों के लगातार फोन और संदेश आ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि काशीपुर की जनता अपने शहर को देश में पहले स्थान पर देखना चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का यही उत्साह और सहयोग नगर निगम की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग तेज; इंडिया गठबंधन के 15 नवंबर के सीएम आवास कूच को लेकर भाकपा (माले) ने की बैठक, बनाई रणनीति

पार्षदों और सामाजिक संगठनों ने किया भव्य अभिनंदन

महापौर के स्वागत के अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सफाई निरीक्षक गणेश ध्याननी, पार्षद दीपा पाठक, संदीप सिंह मोनू, गुंजन प्रजापति, विजय बाबी, संजय शर्मा, बीना नेगी, कुलदीप शर्मा, गुरविंदर सिंह चंडोक, शिवांश गोले, मोनिश, अशोक सैनी, अनिल कुमार, मयंक मेहता, रवि प्रजापति, भाजपा नेता रवि पाल, जतिन नरूला, सतनाम सिंह, राजीव सेतिया, पार्षद अनीता कांबोज सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा कायस्थ सभा के राजेश सक्सेना, सुशील सक्सेना, अमिताभ सक्सेना, एडवोकेट गौरव सक्सेना, शैलेश सक्सेना, चेतन अरोड़ा, प्रकाश नेगी, जगमोहन बंटी, पीयूष प्रधान, अमन बाली, सतविंदर सिंह, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह और पूर्व पार्षद देव प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोगों ने महापौर को बधाई दी।

बड़े गुरुद्वारे की ओर से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने महापौर दीपक बाली को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर का गौरव बढ़ाने के लिए महापौर को शुभकामनाएं दीं।

महापौर ने कहा कि यह सम्मान काशीपुर की जनता के विश्वास और मेहनत का परिणाम है। प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर हमने अपनी क्षमता साबित की है, अब पूरे शहर को साथ लेकर देश में नंबर वन बनने का इतिहास रचना है।