
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा ने गुलदस्ता भेंट कर दी बधाई, बोले- राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर का मान बढ़ाना पूरे शहर के लिए गौरव की बात
राजू अनेजा,काशीपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर काशीपुर लौटे महापौर दीपक बाली को उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महासभा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा ने महापौर को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर को उत्तराखंड में प्रथम स्थान दिलाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाने के लिए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सुरेंद्र छाबड़ा ने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना किसी भी शहर के लिए गर्व का विषय है। महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में काशीपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह सराहनीय है। प्रदेश के 107 शहरी निकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करना नगर निगम की टीम, पर्यावरण मित्रों और शहर की जागरूक जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों और सड़कों से नहीं, बल्कि उसकी स्वच्छता, व्यवस्था और नागरिकों की जागरूकता से होती है। काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान से शहरवासियों का गौरव बढ़ा है। उम्मीद है कि महापौर इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ शहर को विकास एवं स्वच्छता के नए मुकाम तक पहुंचाएंगे।
सुरेंद्र छाबड़ा ने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा सामाजिक सरोकारों और शहरहित के कार्यों में हमेशा सकारात्मक भूमिका निभाती रही है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए महासभा भी जनजागरूकता के प्रयासों में सहयोग करेगी।
महापौर दीपक बाली ने महासभा की ओर से मिले सम्मान और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर को देश में नंबर वन बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब सभी सामाजिक संगठन और शहरवासी मिलकर इस अभियान में भागीदारी करेंगे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

