पति की मौत के बाद अब चौखट बचाने को दर-दर भटक रही विधवा! थाने से लेकर एसएसपी और एसडीएम तक लगाई फरियाद लेकिन फिर भी न्याय का इंतजार

खबर शेयर करें -

दो बेटियों और एक बेटे के साथ अकेली जिंदगी गुजार रही महिला का दर्द, पड़ोसियों पर घर की चौखट तुड़वाने, नाली निकालने और जबरन निर्माण कराने की कोशिश के आरोप

थाने से लेकर एसएसपी और एसडीएम तक पहुंची फरियाद, जान-माल का खतरा बताकर मांगी सुरक्षा

राजू अनेजा,काशीपुर। पति का साया सिर से उठ जाए तो जिंदगी पहले ही संघर्षों का पहाड़ बन जाती है। ऐसे में अगर अपने ही घर की चौखट की सुरक्षा के लिए एक महिला को दर-दर भटकना पड़े तो उसकी बेबसी का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। दो बेटियों और एक बेटे के साथ अकेली जिंदगी गुजार रही एक विधवा महिला आज अपने घर और परिवार की सुरक्षा को लेकर परेशान है। कभी थाने तो कभी प्रशासनिक अधिकारियों के दरवाजे पर पहुंचकर वह न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन उसका कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

मामला काशीपुर कोतवाली क्षेत्र की महेशपुरा वाल्मीकि बस्ती का है। यहां रहने वाली शोभा पत्नी स्वर्गीय प्रवीण कुमार ने अपने पड़ोस में रहने वाली रेखा और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, पड़ोसी उसके घर की चौखट तुड़वाकर वहां नाली निकालना चाहते हैं। इतना ही नहीं, चौखट के सामने सबमर्सिबल लगाने और जबरन निर्माण कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग तेज; इंडिया गठबंधन के 15 नवंबर के सीएम आवास कूच को लेकर भाकपा (माले) ने की बैठक, बनाई रणनीति

महिला का आरोप है कि जब वह इसका विरोध करती है तो उसे आए दिन परेशान किया जाता है। उसके बेटे अमर कुमार द्वारा समझाने का प्रयास करने पर भी विवाद बढ़ाने और बेटे पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि मोहल्ले में कोई व्यक्ति विवाद सुलझाने की कोशिश करता है तो उसे भी फंसाने की धमकी दी जाती है। महिला ने जबरन कब्जे और तोड़फोड़ की आशंका भी जताई है।

तीन शिकायतें, लेकिन अब भी न्याय की आस

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्रों में बताया है कि उसने सबसे पहले 30 अप्रैल 2026 को थाना स्तर पर अपनी परेशानी से पुलिस को अवगत कराया था। इसके बाद 2 मई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधमसिंह नगर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला का कहना है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार 20 जुलाई 2026 को उसने उपजिलाधिकारी काशीपुर के समक्ष भी अपनी पीड़ा रखी और विवादित निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  वाह बाली वाह...! स्वच्छता के दम पर काशीपुर से उत्तराखंड का देशभर में बढ़ाया मान

दो बेटियों और बेटे के भविष्य की चिंता

पति की मौत के बाद अपने बच्चों की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही शोभा का कहना है कि वह पहले ही आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही है। अब घर की चौखट और जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने उसकी चिंता और बढ़ा दी है। उसे आशंका है कि विवाद कभी भी गंभीर रूप ले सकता है। उसने अपनी और अपने बच्चों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

अब प्रशासन से एक ही सवाल—आखिर कब मिलेगी राहत?

एक विधवा महिला की यह फरियाद कई सवाल खड़े करती है। क्या किसी विवाद को समय रहते सुलझाने के लिए किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार जरूरी है? क्या बार-बार शिकायत करने के बाद भी एक महिला को अपने घर की सुरक्षा के लिए इसी तरह अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ेंगे?

यह भी पढ़ें 👉 

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोनों पक्षों को सुनकर विवाद का समाधान कराया जाए और किसी भी पक्ष को जबरन निर्माण अथवा कब्जा करने से रोका जाए। साथ ही धमकी दिए जाने के आरोपों की जांच कर उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए।

फिलहाल महिला की निगाहें पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। उसे उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी उसकी फरियाद सुनेंगे और उसे अपने ही घर में सुरक्षित रहने का भरोसा मिल सकेगा।