बिजली के तारों में फंसा बदरीनाथ के तीर्थयात्रियों का हेलीकॉप्टर, महिला पायलट ने खेतों में कराई सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

खबर शेयर करें -

टिहरी (सकलाना): टिहरी जनपद में मां सुरकंडा देवी मंदिर की तलहटी में बसे नौगांव क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया। बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान घरेलू बिजली आपूर्ति के तारों की चपेट में आ गया। इस दौरान हेलीकॉप्टर हवा में ही अनियंत्रित होकर हिचकोले खाने लगा। हालांकि, महिला पायलट अनुपमा चौधरी की अदम्य सूझबूझ और अदम्य साहस के चलते हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।

रूट बदलने के कारण हुआ हादसा, हवा में ही फंस गया तार

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन 'प्रहार': रुद्रपुर में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते दिल्ली का बुकी गिरफ्तार; कार, लैपटॉप और ₹92 हजार कैश बरामद

पायलट अनुपमा चौधरी ने बताया कि हेलीकॉप्टर को तय शिड्यूल के अनुसार गुप्तकाशी होकर देहरादून पहुंचना था, लेकिन ऐन वक्त पर उन्हें सीधे देहरादून पहुंचने का संदेश मिला, जिसके कारण उन्हें अपना निर्धारित रूट बदलना पड़ा। नए रूट के तहत चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब 9:30 बजे अचानक हेलीकॉप्टर का पिछला रोटर (Tail Rotor) बिजली लाइन के तारों की चपेट में आ गया और तार उसमें फंस गया।

खेतों में उतारा क्षतिग्रस्त हेलीकॉप्टर

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, जैसे ही बिजली का तार फंसा, हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह डगमगाने लगा और तेजी से नीचे की ओर आने लगा। केबिन के भीतर चीख-पुकार मच गई और स्थिति बेहद भयावह हो गई। ऐसे नाजुक समय में पायलट अनुपमा चौधरी ने धैर्य नहीं खोया और सूझबूझ का परिचय देते हुए अनियंत्रित हो रहे हेलीकॉप्टर को संभाला। वह फंसे हुए तार के साथ ही हेलीकॉप्टर को नीचे लाईं और सत्यो-सकलाना के खेतों में उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। इस हार्ड लैंडिंग के कारण हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  विद्युत पोल हादसे में घायल बिंदुखत्ता निवासी लाइनमैन प्रेम सिंह की मौत; परिजनों ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

सभी 6 यात्री सुरक्षित, सड़क मार्ग से भेजे गए देहरादून

घटना की सूचना मिलते ही चंबा-सत्यो पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य के लिए खेतों की तरफ दौड़े। धनोल्टी के तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की सूझबूझ से एक बहुत बड़ी त्रासदी टल गई है। हेलीकॉप्टर में पायलट अनुपमा चौधरी के अलावा यात्री पुत्र राज सूरी, श्रीराज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। सभी यात्रियों को प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सत्यो से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून भेज दिया गया है। नागरिक उड्डयन विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: उपाध्यक्ष पद पर युवा नेता भुवन सिंह बिष्ट की दावेदारी; 'डिजिटल व्यापार' और 'सुरक्षा' के वादे के साथ मैदान में उतरे