थल-पिथौरागढ़ मार्ग पर भीषण हादसा: खाई में गिरी अनियंत्रित बाइक, दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर

खबर शेयर करें -

थल (पिथौरागढ़): थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इस घटना के बाद से उनके गांव मालासीमा में मातम पसरा हुआ है।

तालाब के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे मालासीमा (मसमोली) गांव के तीन युवक मुवानी से थल की ओर जा रहे थे। थल तहसील मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर पहले चोपड़ा छीड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी और नीचे स्थित एक तालाब के पास जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  जसपुर में वारंटी पकड़ने गई पुलिस टीम पर धारदार हथियारों से हमला, दारोगा की वर्दी फाड़ी… आरोपी को छुड़ाकर फरार हुए हमलावर

रेस्क्यू ऑपरेशन और हताहतों की पहचान

हादसे के वक्त थल थाने की पुलिस टीम गश्त पर थी, जो तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों को बाहर निकाला। दुर्भाग्यवश, तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान प्रदीप ज्याला (24 वर्ष) और बाबी सिंह देऊपा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल बलवंत सिंह भंडारी (25 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  बेटे को फोन कर बुलाया, नशे की हालत में घर के आगे छोड़ा; मौत.. मुकदमा दर्ज

इकलौते भाई की मौत से परिवार में कोहराम

थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र पांडे ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बेरीनाग भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रदीप ज्याला अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक कोंडे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  दो मासूम बेटियों के साथ नहर में कूदी मां; बच्चियां सुरक्षित, महिला की तलाश जारी

रेस्क्यू टीम की तत्परता

रेस्क्यू अभियान में थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डे, एसआई भुवन चन्द्र पांडे, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार सहित स्थानीय युवा रवि भट्ट, कवींद्र चुफाल और जितेंद्र मर्तोलिया ने सक्रिय भूमिका निभाई। एक ही गांव के दो चिराग बुझने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।