हल्द्वानी में मनचलों का दुस्साहस: चलती स्कूटी पर महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पति और परिजनों को बेरहमी से पीटा
हल्द्वानी: काठगोदाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत दमुआढूंगा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां आंबेडकर पार्क के पास चलती स्कूटी पर सवार एक महिला के साथ चार मनचलों ने सरेराह छेड़छाड़ की। जब महिला के पति ने इस करतूत का विरोध किया, तो दबंग युवकों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए महिला के भाई और ननद को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।
सड़क पर घसीटा और फाड़े कपड़े
कुमाऊं कॉलोनी निवासी पीड़िता ने काठगोदाम थाने में तहरीर देकर आपबीती सुनाई। महिला के अनुसार, शाम के समय वह अपने पति के साथ स्कूटी से आंबेडकर पार्क की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे चार युवकों ने उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी उग्र हो गए और उन्होंने महिला के पति पर हमला बोल दिया। आरोप है कि मनचलों ने सरेबाजार महिला के कपड़े फाड़ दिए और उन्हें सड़क पर भी घसीटा। शोर-शराबा सुनकर जब महिला के भाई और ननद मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनकी भी जमकर पिटाई कर दी।
आरोपी पुलिस की हिरासत में
सरेराह हुई इस गुंडागर्दी से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस कोतवाली में आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

