जमरानी पेयजल योजना को हरी झंडी: हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे मिलेगा पानी, जल्द कैबिनेट में जाएगा 796 करोड़ का प्रस्ताव
देहरादून। बहुद्देशीय जमरानी बांध परियोजना से हल्द्वानी, काठगोदाम और आसपास के ग्रामीण इलाकों में 24 घंटे निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ‘जमरानी पेयजल योजना’ पर कवायद तेज हो गई है। बुधवार को सचिवालय में पेयजल सचिव रणवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय वित्त समिति की बैठक में इस 796.35 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना पर सहमति बनी। अब वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता से जुड़े सभी पहलुओं का प्रस्ताव नियोजन विभाग को भेजा जाएगा, जिसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली व्यय वित्त समिति की स्वीकृति मिलते ही इसे अंतिम मंजूरी के लिए राज्य कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
IIT रुड़की से तकनीकी हरी झंडी, आधुनिक पंपिंग स्टेशन और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का होगा निर्माण
हाल ही में आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) ने इस पेयजल योजना के डिजाइन और तकनीकी पहलुओं को हरी झंडी दी थी, जिससे परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया। योजना के तहत अत्याधुनिक जल शोधन संयंत्र (Water Treatment Plant), आधुनिक पंपिंग स्टेशन और मुख्य पेयजल पाइपलाइनों के निर्माण कार्य शामिल हैं।
117 MLD पानी से हल्द्वानी निगम के 60 वार्ड और 176 गांव होंगे लाभांवित
इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने से कुल 117 एमएलडी (MLD) शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। इससे हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों और आसपास के 176 गांवों की एक बड़ी आबादी को पेयजल किल्लत से स्थायी निजात मिलेगी और घरों में चौबीसों घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।


