लालकुआं: बिजली पोल से सिर के बल गिरा पूर्व लाइनमैन, हालत बेहद गंभीर; लापरवाही में नौकरी से हटाए जाने के बाद खुद पहुंचा था काम पर

खबर शेयर करें -

लालकुआं: बबूर गुम्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास विद्युत लाइन मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। नौकरी से हटाए जा चुके एक पूर्व विद्युत लाइनमैन ने ठेकेदार कर्मियों के मना करने के बावजूद जबरन पोल पर चढ़ने का प्रयास किया, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण वह सिर के बल नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को नाजुक हालत में हल्द्वानी के एसटीएच (STH) अस्पताल से बरेली के राम मूर्ति चिकित्सालय (भोजीपुरा) रेफर किया गया है।

मना करने के बावजूद पोल पर चढ़ा युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के संजय नगर गौला गेट निवासी प्रेम सिंह कोरंगा पूर्व में विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर तैनात था। सोमवार दोपहर बाद बबूर गुम्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास ठेकेदार के मजदूर विद्युत लाइन की मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान प्रेम सिंह अचानक वहां पहुंच गया। वहां काम कर रहे अन्य विद्युत कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बिना किसी आधिकारिक सूचना या अनुमति के जबरन पोल पर चढ़ने लगा। पोल के ऊपरी हिस्से में पहुंचते ही अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सिर के बल पथरीली जमीन पर आ गिरा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में गर्मी का प्रचंड प्रहार: लू से लोग बेहाल, दून में सीजन का सबसे गर्म दिन..पारा 40 के करीब

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रेम सिंह को लहूलुहान हालत में गिरता देख मौके पर काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) हल्द्वानी ले जाया गया। हालांकि, सिर पर गंभीर चोट होने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च केंद्र (भोजीपुरा, बरेली) रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: दूसरी बेटी होने पर पिता ने अस्पताल में काटा हंगामा; पुलिस ने नशे में धुत युवक को किया गिरफ्तार

विद्युत अधिकारी का बयान: “लापरवाही के चलते पहले ही किया जा चुका था बर्खास्त”

विद्युत उपखंड अधिकारी (SDO) लालकुआं संजय प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि:

“प्रेम सिंह कोरंगा को कार्य में लगातार लापरवाही बरतने के आरोप में पिछले दिनों ही नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इसकी लिखित सूचना बाकायदा उसके घर भी भिजवाई जा चुकी थी। आज वह बिना किसी विभागीय आदेश के खुद ही साइट पर पहुंच गया। ठेकेदार के कर्मचारियों ने उसे पोल पर चढ़ने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना और यह दुखद हादसा हो गया।”

फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और विभाग अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है कि नौकरी से हटाए जाने के बाद भी युवक किन परिस्थितियों में पोल पर चढ़ा।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में चला ‘ऑपरेशन प्रहार’ का डंडा, हूटरबाजों-रैश ड्राइवरों पर टूटा पुलिस का कहर, SRS मॉल का बुद्ध स्पा सेंटर सीज