हल्द्वानी: बीजेपी विधायक के बेटे से जमीन धोखाधड़ी; 5 भाइयों ने बेची सरकारी ‘नहर और सड़क’, अब दर्ज हुआ मुकदमा
हल्द्वानी (19 अप्रैल 2026): उत्तराखंड में जमीन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब सत्ताधारी दल के विधायक का परिवार भी इनके निशाने पर है। हल्द्वानी के कालाढूंगी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पांच सगे भाइयों ने मिलकर पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान विधायक बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत को सरकारी भूमि बेच डाली।
12 साल पहले हुआ था सौदा, 2019 में हुआ खुलासा
मामला वर्ष 2012 का है, जब विकास भगत ने ग्राम नंदपुर कठघरिया निवासी पांच भाइयों—नवीन चंद्र, खीमानंद, मोहन चंद्र, कैलाश चंद्र और उमेश चंद्र से करीब 6691 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। उस समय इस सौदे को पूरी तरह वैध मानकर लेनदेन किया गया था।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब साल 2019 में विकास भगत ने इस जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया। जांच में पता चला कि जिस जमीन को निजी बताकर बेचा गया था, उसमें सिंचाई विभाग की ‘गूल’ (नहर) और सरकारी सड़क की भूमि भी शामिल थी।
सरकारी गूल तोड़कर कब्जाने का आरोप
प्रशासनिक जांच में यह बात साफ हुई कि आरोपियों ने सरकारी सिंचाई गूल को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया और उसे अपनी निजी भूमि में मिलाकर विकास भगत को बेच दिया। 2020 में हुई पुष्टि के बाद सिंचाई विभाग ने इस विवादित भूमि को अपने कब्जे में ले लिया था। हालांकि, उस समय आरोपियों ने वादा किया था कि वे इस भूमि के बदले दूसरी जगह जमीन देंगे, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी जब वादा पूरा नहीं हुआ, तो मामला पुलिस तक पहुँचा।
पुलिस की कार्रवाई
विकास भगत की तहरीर और लंबी जांच के बाद पुलिस ने अब कड़ा रुख अपनाया है।
सीओ सिटी अमित कुमार का बयान:
“जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान धोखाधड़ी करने के मामले में पांचों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने सरकारी गूल को तोड़कर उसे बेचा था। मामले की गहन विवेचना जारी है।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

