बिंदुखत्ता में दिनदहाड़े बड़ी चोरी: मर्चेंट नेवी कर्मी के घर से 15 लाख के जेवरात और नगदी साफ; क्षेत्र में दहशत

खबर शेयर करें -

लालकुआं: कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता के तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर का दरवाजा तोड़कर करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है।

ताला बंद कर बाहर गई थी महिला, पीछे से हुई वारदात

यह भी पढ़ें 👉  शहर के चर्चित जिम संचालक पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो और जबरन गर्भपात के गंभीर आरोप, कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिवारी नगर चित्रकूट (नंबर-14) निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। घर पर उनकी पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा अपने बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल गई थीं। इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को निशाना बनाया और उसे तोड़कर भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे साढ़े 11 तोले सोने के आभूषण व 35 हजार रुपये की नगदी समेटकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार; शराब के नशे में पुलिस को दी थी चुनौती

शाम को घर लौटने पर खुला राज

शाम करीब 4 बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर पहुंचीं, तो मुख्य द्वार खोलने के बाद अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था और कीमती जेवरात गायब थे। पीड़ित महिला की सूचना पर कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सीसीटीवी और फोरेंसिक टीम की मदद ले रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। कोतवाल ने बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए एसओजी (SOG) टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  चाचा की अंत्येष्टि में गए भतीजे पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, मौत