नैनीताल मेरा पहला प्रेम, पहाड़ों के बिना अधूरी हैं रोमांटिक फिल्में: अभिनेता संजय मिश्रा, बेटी का दाखिला कराया नैनीताल में

खबर शेयर करें -

नैनीताल: अपनी बेहतरीन अदाकारी से बॉलीवुड में खास पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा इन दिनों सरोवर नगरी नैनीताल के प्रवास पर हैं। शनिवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने पहाड़ों के प्रति अपने अगाध प्रेम को साझा किया। उन्होंने कहा कि हरे-भरे पहाड़ उनका पहला प्यार हैं और इनका अद्भुत आकर्षण उन्हें बार-बार देवभूमि की ओर खींच लाता है। संजय मिश्रा के अनुसार, रुपहले पर्दे पर कोई भी रोमांटिक फिल्म पहाड़ों के प्राकृतिक श्रृंगार और वादियों के बिना पूरी नहीं हो सकती।

पहाड़ों से गहरा नाता: बेटी की शिक्षा और यहीं से रचाया ब्याह

यह भी पढ़ें 👉  दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन तालाब में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत; लापरवाही पर भड़के ग्रामीण

पहाड़ों के प्रति अभिनेता का लगाव केवल फिल्मों तक सीमित नहीं है। उन्होंने न केवल उत्तराखंड में अपना घर बनाया है, बल्कि अपना विवाह भी यहीं से संपन्न किया था। अब वह अपनी विरासत को आगे बढ़ाते हुए अपनी बेटी ‘पल’ की शिक्षा-दीक्षा भी नैनीताल की वादियों में कराने जा रहे हैं। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का दाखिला नगर के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज में 11वीं कक्षा में कराया है और छोटी बेटी ‘लम्हा’ को भी यहीं पढ़ाने का मन बनाया है। गौरतलब है कि शेरवुड कॉलेज से बॉलीवुड और हॉलीवुड के कई दिग्गज पहले भी शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: चुनावी कार्यालय का भव्य उद्घाटन; व्यापारियों से एकजुट होकर मतदान करने की अपील

युवा कलाकारों को देंगे मौका, पर्यावरण संरक्षण की अपील

संजय मिश्रा के साथ पहुंचे चरित्र अभिनेता आदिल मिया ने बताया कि संजय मिश्रा उत्तराखंड के स्थानीय युवा कलाकारों को फिल्मों में मंच दिलाने के लिए बेहद गंभीर हैं। जल्द ही एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण शुरू होगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को अभिनय का अवसर मिलेगा। वहीं, संजय मिश्रा ने विकास और प्रकृति के बीच संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि पर्वतों के साथ छेड़छाड़ एक दायरे में होनी चाहिए और इन्हें संवारने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

आगामी प्रोजेक्ट्स और व्यस्तता

अपनी हालिया रिलीज फिल्मों ‘कर्तव्य’ और ‘वध 2’ की सफलता के बाद, संजय मिश्रा इन दिनों ‘गोलमाल’, ‘धमाल’ और ‘प्रीतम प्यारे’ जैसी बड़ी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं। व्यस्त शेड्यूल के बावजूद वह शांति की तलाश में पहाड़ों की ओर रुख करना नहीं भूलते। आदिल मिया ने यह भी साझा किया कि आगामी 2 जून को शेरवुड कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह में संजय मिश्रा बतौर अतिथि शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले नामी प्रतिष्ठानों पर चला एडीएम विवेक राय का चाबुक, हल्द्वानी- लाल कुआं के 20 संचालको पर ठोका 13 लाख रुपए का अर्थदंड