अब इंदौर मॉडल की तर्ज पर बदलेगा काशीपुर, शहर के प्रमुख महाराणा प्रताप चौक को मिलेगा भव्य लुक

खबर शेयर करें -

इंदौर दौरे से लौटते के बाद महापौर दीपक बाली की नजर अब शहर पर, फरवरी से सौंदर्यकरण की तैयारी तेज

 

 

राजू अनेजा, काशीपुर।स्वच्छता और सुव्यवस्थित शहरी विकास के लिए देशभर में पहचान बना चुके इंदौर के दौरे से लौटने के बाद महापौर दीपक बाली की नजर अब पूरी तरह काशीपुर के कायाकल्प पर टिक गई है। इसी क्रम में शहर के हृदय स्थल महाराणा प्रताप (एमपी) चौक को नया और भव्य लुक देने की तैयारी तेज कर दी गई है।
महापौर दीपक बाली ने अधिकारियों के साथ एमपी चौक का स्थलीय निरीक्षण कर सौंदर्यकरण की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि एमपी चौक काशीपुर की पहचान है और इसे इंदौर मॉडल की तर्ज पर आकर्षक, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि शहर में प्रवेश करते ही लोगों को बदला हुआ काशीपुर नजर आए।
महापौर ने स्पष्ट किया कि सौंदर्यकरण के नाम पर किसी भी तरह की अनावश्यक तोड़फोड़ या चौड़ीकरण नहीं किया जाएगा। चौक क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण, आकर्षक फैंसी लाइटिंग, बेहतर ट्रैफिक मूवमेंट और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से काशीपुर को साफ, स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का संकल्प लिया गया है। इंदौर दौरे से मिली सीख को धरातल पर उतारते हुए अब काशीपुर के प्रमुख चौराहों और सड़कों की तस्वीर बदली जाएगी।
महापौर ने दो टूक कहा कि शहर की सड़कों को बार-बार खोदकर जनता को परेशान करने वाले विभागों को अब जवाबदेह बनाया जाएगा। बिना अनुमति सड़क तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका संदेश साफ है—अब काशीपुर में विकास दिखेगा, सिर्फ बातें नहीं होंगी।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप