रामनगर-देहरादून ट्रेन सेवा पर नई अपडेट, सप्ताह में दो बार शुक्रवार और रविवार को दौड़ेगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस, जल्द शुरू होगा संचालन

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,रामनगर। कुमाऊं से राजधानी देहरादून तक सफर अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग बनी रामनगर-देहरादून रेल सेवा को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन के संचालन के दिन तय कर दिए हैं। अब यह एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में दो दिन शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। हालांकि ट्रेन किस तारीख से पटरी पर दौड़ेगी, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में संचालित चंडीगढ़ एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से शाम 3:55 बजे प्रस्थान कर रात करीब 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। अभी तक यात्रियों को देहरादून जाने के लिए कई बार बसों या दूसरी ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा सीधे रेल मार्ग से उपलब्ध होगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन में कुल 17 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें शयनयान, द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित, कुर्सीयान, सामान्य और द्वितीय बैठक श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। इससे हर वर्ग के यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि पौड़ी सांसद Anil Baluni की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने इस रेल सेवा को मंजूरी दी थी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे।
रामनगर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक Ramkumar Barnwal ने बताया कि रेलवे बोर्ड से पत्र प्राप्त हो चुका है। अब गोरखपुर रेलवे से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ट्रेन संचालन की तिथि घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं और जल्द ही यात्रियों को नई रेल सेवा का लाभ मिलने लगेगा।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  स्कूल परिसर में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़; पार्षद और हिंदूवादी संगठनों के हंगामे के बाद पुलिस की कार्रवाई