
राजू अनेजा, काशीपुर। कुमाऊं के यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से काशीपुर से नैनीताल और लोहाघाट के लिए सीधी बस सेवा की मांग कर रहे लोगों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। रोडवेज विभाग जल्द ही काशीपुर डिपो को दो छोटी बसें उपलब्ध कराने जा रहा है, जिनके जरिए इन पहाड़ी रूटों पर सीधा संचालन शुरू किया जाएगा।
अब तक यात्रियों को नैनीताल और लोहाघाट जाने के लिए बीच रास्ते में कई बार बसें बदलनी पड़ती थीं। इससे समय के साथ-साथ यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी और खर्च भी उठाना पड़ता था। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, छात्र और पर्यटक लंबे समय से सीधी बस सेवा की मांग कर रहे थे।
रोडवेज विभाग ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भवाली डिपो से दो छोटी बसें काशीपुर डिपो को देने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि बसों के आने के बाद पहाड़ी मार्गों पर नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। छोटी बसें होने की वजह से संकरे और घुमावदार पहाड़ी रास्तों पर संचालन भी आसान रहेगा।
काशीपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि भवाली डिपो से दो छोटी बसें मिलने वाली हैं। बसों के आते ही नैनीताल और लोहाघाट रूट पर संचालन शुरू करने की तैयारी की जाएगी।
नई बस सेवा शुरू होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करते हैं। ऐसे में सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और सफर पहले से अधिक सुगम हो जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

