उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी: ओलावृष्टि और अंधड़ का ‘ऑरेंज अलर्ट’, ऊंचे शिखरों पर बर्फबारी के आसार

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार करने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका जताई गई है। साथ ही, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आ सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  ऊधम सिंह नगर: धर्मांतरण के तीन मामलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; SSP ने गठित की SIT, लालच और भय दिखाकर धर्म परिवर्तन का आरोप

मैदानों में बारिश से राहत, पहाड़ों में आफत

राज्य में फिलहाल मानसून जैसे हालात बने हुए हैं, जहां धूप और बादलों की लुका-छिपी के बीच झमाझम बारिश का दौर जारी है। राजधानी देहरादून में सोमवार को खिली धूप के बाद दोपहर में हुई तेज बौछारों ने उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। हालांकि, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव की सरगर्मियां तेज: संजीव शर्मा मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त; 1060 व्यापारी चुनेंगे नई कार्यकारिणी

चारधाम यात्रियों के लिए सावधानी जरूरी

मौसम में आई ठंडक के बीच चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। खराब मौसम को देखते हुए तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उत्तरकाशी से लेकर पिथौरागढ़ तक के संवेदनशील इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलते भूस्खलन का खतरा भी बना रहता है। मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल मौसम का मिजाज इसी तरह चुनौतीपूर्ण बना रहेगा, इसलिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़: परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, 150 बसों के चालान और 4 वाहन सीज