
राजू अनेजा,बाजपुर। नेशनल हाईवे-74 पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक लोडिंग से भरा भूसे का ट्राला अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम कनौरा निवासी 30 वर्षीय नाजिम पुत्र आबिद हुसैन कार लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि नाजिम दोराहा चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार की कार धुलवाने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से दोराहा की तरफ आ रहा भूसे से लदा ट्राला मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के पास अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे कार पर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चालक नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को बेसहारा छोड़ गया है। नाजिम तीन भाइयों में मंझला था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दोराहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं कोतवाल नरेश चौहान ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने ट्राले के ओवरलोड होने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षमता से अधिक भूसा लदे होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


