पिथौरागढ़: दूसरी बेटी होने पर पिता ने अस्पताल में काटा हंगामा; पुलिस ने नशे में धुत युवक को किया गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़: एक ओर जहां आज के आधुनिक दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सफलता का लोहा मनवा रही हैं, वहीं दूसरी ओर समाज के कुछ हिस्सों में आज भी संकुचित सोच घर किए हुए है। पिथौरागढ़ के महिला अस्पताल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दूसरी बेटी होने की खबर सुनकर एक कलयुगी पिता ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अस्पताल प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी।

बेटी के जन्म की खबर मिलते ही भड़का युवक

जानकारी के अनुसार, जनपद के दिग्तोली गांव निवासी एक युवक अपनी पत्नी के प्रसव के लिए महिला अस्पताल पहुंचा था। सोमवार को जब उसकी पत्नी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया, तो पिता खुशी मनाने के बजाय भड़क गया। जैसे ही उसे पता चला कि उसके घर दूसरी बेटी ने जन्म लिया है, उसने अस्पताल स्टाफ और तीमारदारों के सामने हंगामा शुरू कर दिया। उसकी इस हरकत से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और अन्य मरीज व तीमारदार सहम गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी: 4 डिग्री तक बढ़ सकता है पारा, 20 मई के बाद बारिश देगी राहत

नशे में धुत था पिता, पुलिस ने की कार्रवाई

अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के दौरान युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई। सीओ पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने नशे की हालत में शांति भंग की और अस्पताल के कार्य में बाधा डाली।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में गर्मी का प्रचंड प्रहार: लू से लोग बेहाल, दून में सीजन का सबसे गर्म दिन..पारा 40 के करीब

समाज की सोच पर खड़े हुए सवाल

इस शर्मनाक घटना पर तीलू रौतेली पुरस्कार विजेता हेमा थलाल ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बेटा-बेटी एक समान हैं और बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में बेटी के जन्म पर हंगामा करना समाज की पिछड़ी मानसिकता को दर्शाता है। एक ओर जहां सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के माध्यम से जागरूकता फैला रही है, वहीं इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  बाजपुर में मेडिकल कारोबारियों का हल्लाबोल: 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद, एसडीएम के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन