
अल्मोड़ा में शक्ति प्रदर्शन, पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और देहरादून में संगठन को देंगे जीत का मंत्र
राजू अनेजा,काशीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा करने जा रहा है। कांग्रेस इस दौरे को चुनावी तैयारियों की बड़ी शुरुआत के रूप में देख रही है। 4 जून को अल्मोड़ा में होने वाली राहुल गांधी की विशाल जनसभा में प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।
कांग्रेस महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल ने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। काशीपुर से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह पांच बजे निजी वाहनों से अल्मोड़ा के लिए रवाना होंगे।
उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा में जनसभा के बाद राहुल गांधी दोपहर 3:30 बजे पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान वह पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनेंगे। सैनिक बहुल राज्य उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों के साथ राहुल गांधी का यह संवाद राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अलका पाल ने कहा कि 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा चुनावी तैयारियों को धार देने पर मंथन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर जबरदस्त उत्साह है और इसे उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

