रुद्रपुर: सरकारी जमीन कब्जाने के लिए घर के भीतर बना दी ‘मजार’; प्रशासनिक जांच में हुआ बड़ा खुलासा
रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चांद मस्जिद के पास अवैध कब्जे की शिकायत पर जब महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे सहित प्रशासनिक टीम जांच करने पहुंची, तो एक मकान के भीतर मजार जैसी संरचना देखकर अधिकारी दंग रह गए। आरोप है कि अब्बास नामक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर अपना दावा मजबूत करने के लिए अपने पिता के निधन के बाद उन्हें घर के अंदर ही दफना दिया और उस स्थान को मजार का स्वरूप दे दिया। इस निर्माण को पुराना दिखाने के लिए उसे पन्नी और अन्य सामान से ढककर छिपाने का प्रयास भी किया गया था।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें प्राथमिक रूप से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई है। महापौर विकास शर्मा ने इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश भर में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान चल रहा है और किसी भी प्रकार के अवैध धार्मिक अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम संस्कार केवल निर्धारित स्थानों पर ही होना चाहिए और इस तरह का कृत्य पूरी तरह गलत है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया जा रहा है और यदि अवैध कब्जा व जमीन बेचने के आरोप सही पाए गए, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अवैध संरचना को हटाने की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

